‌‌‌ प्रमुख पति व उप प्रमुख पर हमला करने वाले बीस के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज

0
1748

‌‌- पुलिस की कार्यशैली पर भी उठे सवाल, बैठक में ही हो गया था बवाल
बक्सर खबर। सिमरी प्रखंड प्रमुख प्रियंका पाठक के पति नीरज पाठक व उप प्रमुख चंदन कुंवर के ऊपर हमला करने वाले 20 लोगों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज हुई है। इसमें दस लोग नामजद हुए हैं और अन्य दस अज्ञात हैं। हालांकि पुलिस इसमें नामजदों का नाम नहीं बता रही। लेकिन, घायल होने के उपरांत जो बयान नीरज पाठक ने मीडिया को दिया था। उसमें सत्यनारायण दुबे व उनके पुत्रों का जिक्र था। इसके अलावे कुछ पंचायत समिति सदस्य भी इस घेरे में हैं।

सूत्रों के अनुसार शुक्रवार को जब पंचायत समिति की बैठक प्रखंड सभागार में चल रही थी। उसी समय उन लोगों ने हंगामा किया था। उनका कहना था सभी सदस्य उपस्थित नहीं है, बैठक वैध नहीं है। विरोधियों ने प्रखंड विकास पदाधिकारी के समक्ष भी यह सवाल उठाए। उन्होंने कहा पचास प्रतिशत सदस्य अगर बैठक में भाग लेते हैं तो वह बैठक मान्य है। जब उनकी दाल नहीं गली तो वे लोग प्रखंड कार्यालय के बाहर आ जमे। इसकी सूचना स्थानीय पुलिस को दी गई।

हालांकि विवाद टालने के लिए बैठक के उपरांत कुछ देर तक पाठक व उप प्रमुख बीडीओ के कार्यालय में बैठे। लेकिन, बाहर निकलते ही उनके ऊपर हमला हो गया। इस वजह से पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं। क्योंकि एक तरफ सुशासन का दावा और दूसरी तरफ थाने के सामने नंगा नाच। हालांकि इस मामले पर वरीय अधिकारियों की अब नजर है। दूसरी तरफ घायलों के बारे में सूचना मिली है कि उन्हें बेहतर उपचार के लिए पटना रेफर कर दिया गया है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here