चुनावी चकल्लस : ब्रह्मपुर की तस्वीर भी लगभग हो गई है साफ

0
6327

-प्रमुख दलों के लड़वाइया हैं तैयार, कई नामों पर चल रहा है विचार
बक्सर खबर। चुनावी चकल्लस में आज हम चर्चा करेंगे ब्रह्मपुर विधानसभा की। वैसे तो यहां हर दल में कई-कई उम्मीदवार हैं। लेकिन जो वर्तमान समीकरण सामने आ रहा है। उसके अनुसार प्रमुख दलों के संभावित उम्मीदवारों के नाम की चर्चा हम यहां करेंगे। पहले चर्चा राजद की। क्योंकि इस पार्टी के वर्तमान विधायक शंभु यादव हैं। इस वजह से उनके नाम की चर्चा सबसे पहले होनी स्वाभाविक है। लेकिन, राजनीतिक अवसर देखिए। राजद में भी कई ऐसे कार्यकर्ता व नेता हैं। जो यहां से टिकट की आस लगाए बैठे हैं।

वहीं दूसरी तरफ दूसरा धड़ा है एनडीए का। फिलहाल जो सूचना मिल रही है। उसके अनुसार भाजपा यहां से अपना उम्मीदवार उतारेगी। प्रदीप राय का नाम यहां से सर्वाधिक चर्चा में है। वैसे तो प्रदीप राय सभी को साथ लेकर चलने वाले सामाजिक व्यक्ति हैं। लेकिन, पिछले लोकसभा चुनाव में उनके उपर भाजपा का ठप्पा लग गया था। क्योंकि अश्विनी चौबे के चुनाव प्रचार में वे काफी सक्रिय दिखे थे। उसके बाद से ही उनका नाम राजनीतिक गलियारे में चर्चा का केन्द्र बन गया था। वैसे भाजपा में ब्रह्मपुर से उम्मीदवारों की सूची बहुत लंबी है। इनमें सत्येन्द्र कुंवर, विन्ध्याचल राय, सिमरी के प्रमुख पति नीरज पाठक का नाम भी शामिल है। वहीं पप्पू यादव की पार्टी जाप चक्की के जिला पार्षद परमानंद यादव को उम्मीदवार बनाएगी। वे पार्टी के जिलाध्यक्ष भी है।

वहीं दूसरी डुमरी के रमेश कुंवर भी चुनावी मैदान में उतर चुके हैं। उनका प्रचार भी वंचित समाज पार्टी से चल रहा है। वहीं आरडीयू के नेता अनिल भैया जी के नामांकन का पर्चा भी ब्रह्मपुर विधानसभा से खरीदा जा चुका है। इन नामों के अलावा पूर्व मंत्री अजीत चौधरी भी काफी सक्रिय दिख रहे हैं। वे भी जुगत में हैं, अगर गोटी बैठी तो इस इलाके से अपना भाग्य आजमा सकते हैं। वहीं जदयू से भी कुछ लोग आस लगाए बैठे हैं। पूर्व विधायक दिलमणी देवी जो अब जदयू के साथ हैं। उनके अलावा डुमरांव के प्रमुख होटल व्यवसायी विनोद राय पिछले कुछ दिनों में कई सभाएं कर चुके हैं। यह ताजा स्थिति है, ब्रह्मपुर विधानसभा की।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here