-27 अप्रैल से 5 मई तक प्रभावी होगा आदेश, आंगनबाड़ी भी शामिल
बक्सर खबर। मौसम के तल्ख तेवर को देखते हुए जिलाधिकारी साहिला ने विद्यालयों के संचालन समय में बदलाव किया है। उनके न्यायालय से जारी आदेश के अनुसार विद्यालयों के संचालन का समय 11:30 तय किया गया है। इसमें आंगनबाड़ी, प्री स्कूल, कक्षा एक से आठवीं तक के सभी सरकारी व निजी विद्यालय को शामिल किया गया है। पत्र के अनुसार मौसम विभाग से प्राप्त सूचना के अनुसार दोपहर में भीषण गर्मी पड़ रही है।
जिसका छात्रों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है। इस चेतावनी को ध्यान में रखते हुए जिलाधिकारी ने 26 अप्रैल को यह आदेश जारी किया है। पत्र में कहा गया है, 27 अप्रैल से 5 मई तक यह आदेश प्रभावी होगा। इसका सभी को पालन करना होगा। पूर्व में भी एक आदेश जारी हुआ था। जिसमें दोपहर 12 बजे तक का समय निर्धारित किया गया था। अब इसमें और आधे घंटे की कटौती की गई है। अगर मौसम के तेवर नरम नहीं पड़े तो आगे और भी बदलाव संभव है।






























































































