शाही अंदाज में संपन्न हुआ महर्षि विश्वामित्र सामूहिक विवाह, झूम उठा पूरा शहर

0
61

21 लग्जरी कारों से निकली भव्य बारात, विदाई में मिला गृहस्थी का पूरा सामान                                            बक्सर खबर। ऐतिहासिक किला मैदान मंगलवार को महर्षि विश्वामित्र सामूहिक विवाह महोत्सव की भव्यता का साक्षी बना। शाही अंदाज में आयोजित इस दो दिवसीय समारोह में 21 जरूरतमंद बेटियों का विवाह पूरे विधि-विधान के साथ संपन्न कराया गया। आयोजन की भव्यता, सांस्कृतिक कार्यक्रम और विशाल जनसैलाब ने पूरे शहर को उत्सवमय बना दिया। मंगलवार की शाम किला मैदान से 21 सफेद रंग की लग्जरियस कारों के काफिले के साथ भव्य बारात निकाली गई। बारात में सबसे आगे बैंड-बाजा, डीजे और ढोल-नगाड़ों की गूंज रही। उसके पीछे भोजपुरी जगत के सुपरस्टार गायक एवं अभिनेता अरविंद अकेला ‘कल्लू’ तथा महोत्सव के संयोजक ओम जी यादव ओपन गाड़ी पर सवार होकर लोगों का अभिवादन कर रहे थे। बारात किला मैदान से निकलकर वीर कुंवर सिंह चौक, रामरेखा घाट रोड, पीपी रोड, ठठेरी बाजार और मेन रोड होते हुए पुनः किला मैदान पहुंची। पूरे रास्ते लोगों की भारी भीड़ बारात देखने उमड़ी रही।

जगह-जगह लोगों ने फूल बरसाकर स्वागत किया।किला मैदान स्थित रामलीला मंच पर आकर्षक विवाह मंडप बनाया गया था। यहीं 21 नवविवाहित जोड़ों का विवाह वैदिक मंत्रोच्चार और पूरे विधि-विधान के साथ संपन्न कराया गया। वर-वधु को आशीर्वाद देने के लिए जिले समेत अन्य जिलों से भी गणमान्य लोग पहुंचे थे। समारोह के दौरान विशाल सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। भोजपुरी जगत के कई चर्चित गायक, अभिनेता और कलाकारों ने मंच से प्रस्तुति देकर लोगों को देर रात तक मनोरंजन कराया। पूरा किला मैदान दर्शकों से खचाखच भरा रहा। किला मैदान के समीप स्थित गोयल धर्मशाला में हल्दी और मेहंदी की रस्म अदा की गई। वहीं विशाल महाभंडारे का आयोजन भी हुआ, जिसमें हजारों लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया।

फोटो – किला मैदान में उमड़ा जनसैलाब और लग्जरी कारों से निकली बारात

दो दिवसीय समारोह के पहले दिन किला मैदान में 24 घंटे का अखंड हरिकीर्तन आयोजित किया गया। इसके बाद शाम चार बजे रक्तदान शिविर लगाया गया, जिसमें अरविंद अकेला ‘कल्लू’ सहित 53 लोगों ने रक्तदान किया। देर शाम देवी जागरण कार्यक्रम में बनारस और प्रयागराज के कलाकारों ने प्रस्तुति देकर श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। आयोजकों ने बताया कि नवविवाहित जोड़ों को पलंग, बक्सा, अलमारी, सिलाई मशीन, मोबाइल फोन, बर्तन, कपड़े और अन्य घरेलू उपयोग की सामग्री उपहार स्वरूप दी गई। महोत्सव के संयोजक ओम जी यादव ने कहा कि समाज के सभी वर्गों के सहयोग से यह आयोजन ऐतिहासिक रूप से सफल हुआ है। उन्होंने बताया कि अगले वर्ष और भी अधिक भव्यता के साथ जरूरतमंद बेटियों का विवाह कराया जाएगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here