शादी में दुल्हन का डांस से इनकार, मारपीट के कारण लौट गई बारात

0
2278

-बक्सर से गई थी भोजपुर जिले में बारात
बक्सर खबर। शादी में जयमाल के दौरान दुल्हन के साथ डांस करने की जिद ने बारात लौटा दी। मारपीट के बाद दुल्हन ने शादी करने से इनकार कर दिया। उसके कारण दूल्हे को बगैर शादी के बैरंग वापस लौटना पड़ा। यह घटना भोजपुर जिले के बिहिया नगर की है। बुधवार की रात ही वहां बक्सर जिले से बारात गई थी। सब कुछ ठीक था, जयमाल के बाद लड़के के कुछ साथियों ने लड़की से डांस कराना चाहा। उसने मना कर दिया। फिर बात मारपीट तक पहुंच गई। दुल्हन और दूल्हा पक्ष के कुछ लोगों को चोटें भी आईं हैं। सूचना के अनुसार बक्सर के इटाढ़ी से बारात गई थी। दूल्हे पक्ष के लोग दिल्ली में रहते हैं। रात करीब 11 बजे द्वार पूजा के बाद जयमाला का कार्यक्रम चल रहा था।

सब कुछ ठीक ठाक और खुशी के साथ चल रहा था। उस दौरान दूल्हे के दोस्त और रिश्तेदार डांस कर रहे थे। उन लोगों की ओर से दुल्हन को डांस के लिए आमंत्रित किया गया। लेकिन, वह राजी नहीं हो रही थी। इतने में दूल्हे के किसी दोस्त ने उसका हाथ पकड़ खिंच लिया। बस बात यहीं से बिगड़ गई। कुछ लोगों ने इसका विरोध किया तो मारपीट शुरू हो गई। हालात ऐसे बन गए कि पुलिस बुलानी पड़ी। यह सब देख दुल्हन ने शादी से इनकार कर दिया। यह सुन घराती और बाराती सब सकते में आ गए। रात तक मान-मनौव्वल का दौर चला। लेकिन, दुल्हन राजी नहीं हुई। जिसके कारण बारात वापस लौट आई।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here