अब रात 8 बजे तक डाक सेवाएं रहेंगी उपलब्ध, युवाओं को मिलेगा स्वरोजगार का अवसर बक्सर खबर। आम लोगों को बेहतर और त्वरित सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में भारतीय डाक विभाग ने एक और पहल की है। शहर के शहीद भगत सिंह पार्क के समीप स्थित प्रधान डाकघर में बुधवार को दूसरा आधार सेवा केंद्र शुरू किया गया है। डाक अधीक्षक कुमारी सरिता ने बताया कि प्रधान डाकघर में पहले से एक आधार सेवा केंद्र संचालित था। बढ़ती भीड़ और मांग को देखते हुए अतिरिक्त केंद्र खोला गया है। यहां नया आधार नामांकन के साथ नाम, पता, जन्मतिथि, मोबाइल नंबर, ई-मेल और बायोमेट्रिक अपडेट सहित सभी सेवाएं उपलब्ध रहेंगी। उन्होंने बताया कि भविष्य में बक्सर प्रमंडल के अन्य डाकघरों में भी आधार सेवा केंद्र स्थापित किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि नागरिकों की सुविधा के लिए प्रधान डाकघर में स्पीड पोस्ट, रजिस्ट्री, पार्सल और अन्य डाक बुकिंग सेवाओं का समय बढ़ा दिया गया है।
अब प्रतिदिन सुबह 8 बजे से रात 8 बजे तक लगातार 12 घंटे सेवाएं उपलब्ध रहेंगी। इससे नौकरीपेशा लोगों, व्यापारियों और दूर-दराज से आने वाले ग्राहकों को राहत मिलेगी। डाक अधीक्षक ने भारत डाक फ्रेंचाइजी योजना 2.0 की भी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि यह योजना शिक्षित बेरोजगार युवाओं, स्वयं सहायता समूहों और छोटे उद्यमियों के लिए स्वरोजगार का बेहतर अवसर है। फ्रेंचाइजी के माध्यम से स्पीड पोस्ट, पार्सल और अंतरराष्ट्रीय डाक सेवाओं से जुड़कर 7 से 30 प्रतिशत तक कमीशन अर्जित किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि भारतीय डाक विभाग अब केवल डाक वितरण तक सीमित नहीं है। आधार, बैंकिंग, बीमा, पार्सल और डिजिटल सेवाओं के माध्यम से हर वर्ग तक सुविधाएं पहुंचाई जा रही हैं। नागरिकों से डाकघर की विभिन्न सेवाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील भी की गई।






























































































