-सुबह गया था शौच करने, तभी हो गई दुर्घटना
बक्सर खबर। ईट भट्ठे पर काम करने वाले मजदूर की मौत मंगलवार की सुबह करंट लगने से हो गई। उसके साथ के लोगों को समय रहते इसकी भनक नहीं लगी। अन्यथा उसे बचाया जा सकता था। सूचना के अनुसार घटना नावानगर बाजार से कुछ दूरी पर स्थित टाटा चिमनी के समीप की है। मृतक बिट्टू तांती (उम्र लगभग 25 वर्ष) झारखंड के जिला बोकारो, ग्राम कुर्मीडीह का निवासी था। वह अपने परिवार के साथ यहां ईट भट्टे पर काम करता था।
सुबह शौच के लिए गया इसी दौरान वह बिजली के तार के संपर्क में आ गया। मौके पर ही करंट लगने से उसकी मौत हो गई। जब उसके साथियों और परिवार वालों को इस बारे में पता चला तो उन्होंने पुलिस को सूचना दी। नावानगर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। शव का पंचनामा हुआ। फिर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। पूछने पर थानाध्यक्ष प्रफुल्ल कुमार ने कहा, हम जांच कर रहे हैं। परिजनों की शिकायत के अनुरूप आगे की कार्रवाई होगी।





























































































