डीएम साहिला व एसपी शुभम आर्य ने की समीक्षा, ड्रोन से होगी निगरानी बक्सर खबर। मुहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण और कदाचारमुक्त माहौल में संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट हो गया है। मंगलवार को नगर भवन में आयोजित समीक्षा बैठक में जिलाधिकारी साहिला और पुलिस अधीक्षक शुभम आर्य ने सभी अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। प्रशासन ने जिले के संवेदनशील स्थलों को चिन्हित कर वहां विशेष सुरक्षा व्यवस्था करने का निर्देश दिया है। किसी भी प्रकार की अशांति की सूचना मिलने पर तत्काल वरीय अधिकारियों को अवगत कराने को कहा गया है। ताजिया जुलूस और अखाड़ा स्थलों पर भीड़ को देखते हुए एंटी सबोटाज जांच एक दिन पहले पूरी करने का निर्देश दिया गया है। सभी जुलूसों के लिए लाइसेंस निर्गत करने और निर्धारित नियमों का पालन सुनिश्चित कराने की जिम्मेदारी अनुमंडल प्रशासन को सौंपी गई है। जिलाधिकारी ने 25 जून तक सभी ताजिया जुलूस मार्गों का भौतिक सत्यापन कर रिपोर्ट उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। मार्ग में किसी प्रकार की बाधा होने पर तत्काल समाधान करने को कहा गया है।
सुरक्षा व्यवस्था के तहत सभी जुलूसों की वीडियोग्राफी कराई जाएगी। आवश्यकता के अनुसार ड्रॉप गेट भी लगाए जाएंगे। सोशल मीडिया पर विशेष निगरानी रखने के लिए साइबर थाना और साइबर सेनानी व्हाट्सएप समूह को सक्रिय किया गया है। स्वास्थ्य विभाग को 24 घंटे चिकित्सा सुविधा उपलब्ध रखने का निर्देश दिया गया है। सदर अस्पताल समेत सभी स्वास्थ्य केंद्रों में डॉक्टर, दवाइयां, ऑक्सीजन, एम्बुलेंस और अन्य आवश्यक संसाधन उपलब्ध रहेंगे। ब्लड बैंक में पर्याप्त रक्त की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाएगी। नगर निकाय को अखाड़ा स्थलों, सड़कों और गलियों की साफ-सफाई, पेयजल तथा स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था दुरुस्त रखने का निर्देश दिया गया है। सराय फाटक सहित प्रमुख स्थलों पर विशेष व्यवस्था की जाएगी। अग्निशमन विभाग को सभी फायर ब्रिगेड वाहनों को तैयार रखने का आदेश दिया गया है। वहीं किसी भी आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए क्यूआरटी का गठन किया गया है। मुहर्रम के दौरान जिला नियंत्रण कक्ष 24 घंटे कार्यरत रहेगा।
नियंत्रण कक्ष का दूरभाष संख्या 06183-223333 जारी किया गया है। विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिले में 128 स्टैटिक दंडाधिकारी, 31 गश्ती दल, 106 ताजिया जुलूसों के साथ दंडाधिकारी एवं पुलिस बल तथा दो जोनल दंडाधिकारी की प्रतिनियुक्ति की गई है। प्रशासन ने सभी अधिकारियों को लगातार क्षेत्र भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी करने का निर्देश दिया है।





























































































