सिपाही भर्ती परीक्ष: 10 केंद्रों पर सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त, धारा 163 लागू

0
201

परीक्षार्थियों की सुविधा के लिए बक्सर से दानापुर के बीच चलेगी स्पेशल ट्रेन                                                             बक्सर खबर। बिहार सिपाही भर्ती परीक्षा को लेकर जिला प्रशासन और रेलवे प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है। बुधवार को जिले के 10 परीक्षा केंद्रों पर दो पालियों में परीक्षा आयोजित होगी। परीक्षा को कदाचारमुक्त, शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की गई है। वहीं अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए बक्सर से दानापुर के लिए विशेष ट्रेन भी चलाई जाएगी। अनुमंडल पदाधिकारी अविनाश कुमार के अनुसार जिले में कुल 10 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। परीक्षा पहली पाली में सुबह 10 बजे से 11:30 बजे तक तथा दूसरी पाली में दोपहर 12 बजे से 1:30 बजे तक होगी। करीब चार हजार अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे।

परीक्षा केंद्रों के आसपास कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी केंद्रों के 200 मीटर दायरे में बीएनएसएस की धारा 163 लागू की गई है। इस क्षेत्र में पांच या उससे अधिक लोगों के एकत्र होने पर रोक रहेगी। जुलूस, प्रदर्शन, ध्वनि विस्तारक यंत्रों के उपयोग, धूम्रपान तथा हथियार लेकर चलने पर भी प्रतिबंध लगाया गया है। प्रशासन ने सभी केंद्रों पर दंडाधिकारियों, पुलिस पदाधिकारियों, महिला पुलिस बल और पर्याप्त संख्या में सुरक्षा कर्मियों की तैनाती की है। सभी थानाध्यक्षों को भी आवश्यक सहयोग सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है। उधर, परीक्षा समाप्ति के बाद संभावित भीड़ को देखते हुए रेलवे ने विशेष ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। रेलवे यातायात निरीक्षक विंध्याचल पाण्डेय ने बताया कि स्पेशल ट्रेन 24 जून को दोपहर 1:30 बजे बक्सर स्टेशन से दानापुर के लिए रवाना होगी।

रेलवे स्टेशन पर परीक्षार्थियों की सहायता के लिए विशेष हेल्प डेस्क बनाया गया है। आरपीएफ और जीआरपी के जवान सुरक्षा व्यवस्था संभालेंगे। स्टेशन परिसर में माइकिंग के माध्यम से आवश्यक सूचनाएं भी प्रसारित की जाएंगी। रेलवे प्रशासन ने अभ्यर्थियों से समय से पहले स्टेशन पहुंचने तथा विशेष ट्रेन सुविधा का लाभ उठाने की अपील की है। प्रशासन और रेलवे के संयुक्त प्रयास से परीक्षा के दौरान सुरक्षा, यातायात और भीड़ प्रबंधन को लेकर व्यापक तैयारी की गई है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here