रात 10:30 बजे हुई छापेमारी, गुमटी मालिक समेत संदिग्धों पर जांच शुरू बक्सर खबर। राजपुर थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए एक बंद गुमटी से अवैध हथियार और कारतूस बरामद किया है। यह कार्रवाई रविवार की रात करीब 10:30 बजे तियरा-मनोहरपुर मोड़ के पास की गई। पुलिस को सूचना मिली थी कि इलाके की एक बंद गुमटी में हथियार छिपाकर रखा गया है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और क्षेत्र की घेराबंदी कर तलाशी अभियान शुरू किया। तलाशी के दौरान एक पुरानी और जर्जर गुमटी से एक देशी कट्टा तथा दो जिंदा कारतूस बरामद किए गए। बरामदगी के बाद पुलिस ने हथियार और कारतूस को जब्त कर लिया।
प्रारंभिक जांच में पता चला है कि जिस गुमटी से हथियार मिला है, वह बहुआरा गांव के एक व्यक्ति की बताई जा रही है। हालांकि यह गुमटी लंबे समय से बंद पड़ी थी। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि हथियार वहां किसने और कब छिपाया। मामले में गुमटी मालिक समेत अन्य संभावित संदिग्धों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। राजपुर थाना पुलिस ने बताया कि बरामद हथियार के संबंध में कानूनी कार्रवाई की जा रही है तथा पूरे मामले की गहन जांच जारी है।































































































