दोषी पुलिसकर्मियों पर सख्त कार्रवाई और निष्पक्ष जांच की उठाई आवाज बक्सर खबर। शाहपुर थाना क्षेत्र के बेलौटी गांव में कथित मुठभेड़ में मारे गए समाजसेवी भरत तिवारी की स्मृति में सोमवार को पीपल का पौधा लगाया गया। महर्षि विश्वामित्र सामूहिक विवाह महोत्सव के संयोजक एवं सामाजिक कार्यकर्ता ओम जी यादव ने पौधारोपण किया। पौधे की सुरक्षा के लिए घेराबंदी भी कराई गई। साथ ही भरत तिवारी की स्मृति में पोस्टर लगाए गए। इस दौरान ओम जी यादव ने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर शोक संवेदना व्यक्त की। उन्होंने परिवार को हरसंभव सहयोग का भरोसा दिया। उन्होंने कहा कि भरत तिवारी को न्याय मिलना चाहिए और मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। उन्होंने सरकार से दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
उन्होंने पीड़ित परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी तथा एक करोड़ रुपये मुआवजा देने की भी मांग उठाई। उन्होंने बताया कि भरत तिवारी की तेरहवीं के अवसर पर बक्सर रेलवे स्टेशन परिसर में महर्षि विश्वामित्र सामूहिक विवाह महोत्सव की ओर से विशाल लंगर का आयोजन किया जाएगा। इसमें जरूरतमंद लोगों के साथ-साथ भरत तिवारी के समर्थकों, शुभचिंतकों और न्याय की मांग को लेकर संघर्ष कर रहे लोगों को आमंत्रित किया जाएगा। मौके पर बिट्टू मिश्रा और रवि वर्मा भी उपस्थित रहे।






























































































