पड़री मोड़ से गोलंबर तक रेंग रही जिंदगी, नियम तोड़ने वालों पर कड़ी कार्रवाई की मांग बक्सर खबर। एनएच 922 पर भारी वाहनों के अव्यवस्थित परिचालन को लेकर चिंता जताई गई है। एनएसयूआई के प्रदेश सचिव एवं पटना लॉ कॉलेज के छात्र अभिषेक मिश्रा ने जिलाधिकारी को आवेदन सौंपकर यातायात व्यवस्था सुधारने की मांग की है। उन्होंने कहा है कि भोजपुर से बक्सर आने के दौरान भारी ट्रक कई लेनों में अनियंत्रित तरीके से चलते हैं। ट्रकों की लंबी कतार और अचानक लेन बदलने की वजह से आम लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। आवेदन में बताया गया है कि पड़री मोड़ से गोलंबर तक अक्सर यातायात प्रभावित रहता है। बाइक, कार और अन्य छोटे वाहनों के चालकों को शहर में प्रवेश करने में कठिनाई होती है। इससे सड़क दुर्घटनाओं की आशंका भी बनी रहती है।
अभिषेक मिश्रा ने जिला प्रशासन से भारी वाहनों के लिए एकल लेन व्यवस्था लागू करने की मांग की है। साथ ही निर्धारित लेन का उल्लंघन करने वाले चालकों पर सख्त कार्रवाई करने का अनुरोध किया है। आवेदन में बार-बार यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के लाइसेंस निलंबन अथवा जब्ती की कार्रवाई सुनिश्चित करने की भी मांग की गई है। इसके अलावा संबंधित मार्ग पर ट्रैफिक पुलिस की तैनाती बढ़ाने और निगरानी व्यवस्था मजबूत करने का सुझाव दिया गया है। छात्र नेता ने कहा कि सुगम यातायात और सड़क सुरक्षा के लिए प्रशासन को शीघ्र प्रभावी कदम उठाने चाहिए।

































































































