युवाओं और सामाजिक कार्यकर्ताओं से भागीदारी की अपील बक्सर खबर। मानव सेवा और जनकल्याण के उद्देश्य से रोटरी क्लब की ओर से रविवार को एक विशाल स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया जाएगा। शिविर का आयोजन सिविल लाइन स्थित रोटरी भवन में सुबह 9 बजे से 11 बजे तक होगा। क्लब के जिलाध्यक्ष डॉ. दिलशाद आलम ने बताया कि शिविर का मुख्य उद्देश्य जरूरतमंद मरीजों के लिए सुरक्षित और पर्याप्त रक्त उपलब्ध कराना है। साथ ही समाज में रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाना भी इसका लक्ष्य है। उन्होंने कहा कि रक्तदान महादान है। एक यूनिट रक्त कई लोगों के जीवन को नई उम्मीद दे सकता है। ऐसे में अधिक से अधिक लोगों को इस अभियान से जुड़ना चाहिए।
शिविर में प्रशिक्षित चिकित्सकों और तकनीकी कर्मियों की देखरेख में रक्त संग्रह किया जाएगा। रक्तदाताओं की सुरक्षा और स्वास्थ्य संबंधी सभी आवश्यक मानकों का पालन किया जाएगा। क्लब के सचिव एसएम साहिल और कोषाध्यक्ष सतेन्द्र सिंह ने युवाओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं तथा आम नागरिकों से रक्तदान शिविर में भाग लेने की अपील की है। उन्होंने कहा कि एक छोटा सा प्रयास किसी की जिंदगी बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। रोटरी क्लब बक्सर स्वास्थ्य, शिक्षा, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक सेवा के क्षेत्र में लगातार कार्य करता रहा है। रक्तदान शिविर को भी क्लब ने अपनी सेवा भावना से जुड़े महत्वपूर्ण अभियान के रूप में आयोजित किया है।

































































































