– विजेता टीम को मिलेंगे 51 हजार, जोरदार तैयारी
बक्सर खबर। सम्राट अशोक क्रिकेट क्लब समहुता, धनसोई (बक्सर) द्वारा आयोजित जिला स्तरीय नाइट क्रिकेट मैच में बिहार सरकार के पंचायती राज मंत्री दीपक प्रकाश का आगमन 29 मई की रात्रि में होने जा रहा है। बतौर मुख्य अतिथि उन्हें यहां आमंत्रित करने सम्राट अशोक क्लब के सदस्य पटना पहुंचे थे। यह जानकारी देते हुए श्रवण कुमार ने बताया, हमने उनसे आग्रह किया है। आप यहां पधारे और खिलाड़ियों को अपने हाथ पुरस्कार प्रदान करें। धनसोई थाना के समहुता गांव में पिछले कुछ वर्षों से यह प्रतियोगिता लगातार हो रही है।
इसमें सात-आठ टीमें भाग लेती हैं। विजेता को 51 हजार और उपविजेता को 21 हजार रुपये का पुरस्कार दिया जाता है। ग्रामीण परिवेश में होने वाले खेल को लेकर लोगों में काफी उत्साह रहता है। यहां मेले सा नजारा देखने को मिलता है। औरंगाबाद, वाराणसी, कोलकाता, बक्सर, गाजीपुर, रोहतास, आरा व पटना की टीमें शामिल होंगी। इसकी तैयारी क्लब के सदस्यों ने पूरी कर ली है। इस आयोजन में खेल प्रेमियों के साथ बड़ी संख्या में सामाजिक कार्यकर्ता भी शामिल होते हैं।
































































































