परिजनों ने कहा चोरी नहीं, पुरानी रंजिश में रची गई खौफनाक साजिश बक्सर खबर। मुफस्सिल थाना क्षेत्र के गुरुदास मठिया गांव में युवक को पेड़ से उल्टा लटकाकर प्रताड़ित करने वाले तालिबानी सजा के मामले में अब पुलिस ने कड़ा रुख अख्तियार किया है। घटना के तीसरे दिन बुधवार को पीड़ित युवक के पिता बसावन सिंह के बयान पर पुलिस ने 17 नामजद और 10-15 अज्ञात हमलावरों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है। इस तालिबानी सजा की क्रूरता यहीं खत्म नहीं हुई। दर्ज एफआईआर में पीड़ित परिवार ने रोंगटे खड़े कर देने वाला खुलासा किया है। परिजनों का आरोप है कि जब युवक पेड़ से उल्टा लटका हुआ दर्द से कराह रहा था, तब हमलावरों ने क्रूरता की सारी हदें पार करते हुए उसके शरीर पर मारपीट से बने जख्मों पर लाल मिर्च का पाउडर छिड़क दिया।
पुलिस ने इस मामले में गांव के ही राजू राम, प्रेम राम, मधु राम, राकेश राम, अजीत राम, अंजनी राम, रवि राम, सुनील राम, निरहु राम, कुलवीर राम, गोलू राम, गणेश राम, प्रकाश राम, रामाशंकर राम, राज कुमार राम, रामनाथ राम और उत्तर प्रदेश के कोटवा नारायणपुर निवासी अनिल राम को नामजद किया है। साथ ही 15 अज्ञात लोगों की तलाश भी शुरू कर दी गई है। बुधवार को मुफस्सिल थाना चेकपोस्ट पर पहुंचे परिजनों ने पुलिस को बताया कि यह पूरा मामला चोरी का नहीं, बल्कि पुरानी रंजिश का है। विरोधियों ने साजिश के तहत उनके पुत्र रवि कुमार को पकड़ा और भीड़ के साथ मिलकर उसे तालिबानी ढंग से सजा दी। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी तेज कर दी है।






























































































