15 दिनों के भीतर जिला कमिटी गठित करने का निर्देश बक्सर खबर। शहर के अहिरौली मोड़ स्थित जन सुराज के जिला कार्यालय में बुधवार को संगठन विस्तार को लेकर अहम बैठक आयोजित की गई। इस दौरान पार्टी की जिला सलाहकार समिति एवं जिला एकल पदाधिकारियों की नियुक्ति की घोषणा की गई। प्रदेश अध्यक्ष मनोज भारती ने नवनियुक्त पदाधिकारियों की सूची जारी करते हुए बजरंगी मिश्रा को जिलाध्यक्ष, रघुवर सिंह को महामंत्री, विजय कुमार पाठक को कोषाध्यक्ष सह कार्यालय प्रभारी, आशा देवी को महिला अध्यक्ष, अजीत सम्राट को युवा अध्यक्ष, शंभूनाथ मिश्रा को किसान अध्यक्ष तथा संजय कुमार को बुद्धिजीवी प्रकोष्ठ अध्यक्ष बनाया गया। इसके अलावा नीलू खरवार को ओबीसी प्रकोष्ठ अध्यक्ष, जगदंबा जी को अंबेडकर मंच अध्यक्ष, फैयाज खान को अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ अध्यक्ष तथा शंभू नाथ यादव एवं रीना शर्मा को मुख्य प्रवक्ता की जिम्मेदारी सौंपी गई।
सलाहकार समिति के सदस्य कामेश्वर ओझा, रामायण सिंह, नागेंद्र प्रजापति, केशव राम, मकसूद खान को बनाया गया।कार्यक्रम के दौरान सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों को पुष्पमाला पहनाकर पदभार ग्रहण कराया गया। नवनियुक्त जिलाध्यक्ष बजरंगी मिश्रा ने कहा कि जन सुराज को जिले के गांव-गांव और पंचायत स्तर तक मजबूत किया जाएगा। उन्होंने दावा किया कि वर्तमान समय में जन सुराज ही सशक्त विपक्ष के रूप में उभर रही है और पार्टी जनता के मुद्दों को प्रमुखता से उठाएगी। वहीं प्रदेश अध्यक्ष मनोज भारती ने बताया कि शाहाबाद क्षेत्रीय कोर कमिटी की अनुशंसा पर बक्सर जिला की सलाहकार समिति एवं पदाधिकारियों की नियुक्ति की गई है। उन्होंने सभी पदाधिकारियों को बधाई देते हुए निर्देश दिया कि आगामी 15 दिनों के भीतर अपनी-अपनी जिला कमिटी की सूची क्षेत्रीय कमिटी को सौंपें, ताकि संगठन को और मजबूती मिल सके। इस मौके पर पूर्व विधायक सिद्ध नाथ राय, पदमा ओझा, श्रीकांत पाठक, धन्नू लाल, धनजी पांडेय, अरविंद पांडेय, विशेश्वर दुबे, धनंजय पासवान सहित कई कार्यकर्ता उपस्थित रहे।




























































































