मेधावी छात्रों का सम्मान, परिश्रम और अनुशासन का मिला इनाम

0
10

बिहार सेंट्रल स्कूल में प्रमाण पत्र व ट्रॉफी देकर बढ़ाया गया विद्यार्थियों का हौसला                                              बक्सर खबर। शहर के बाईपास रोड स्थित बिहार सेंट्रल स्कूल के प्रांगण में बुधवार को आयोजित एक प्रेरणादायक समारोह में वार्षिक परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को प्रमाण पत्र एवं ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विद्यालय प्रबंधन के सचिव सरोज सिंह ने कहा कि हर वर्ष मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित करना विद्यालय की परंपरा है। यह दिन छात्रों के लिए उनके कठिन परिश्रम और लगन का प्रतिफल होता है, जिसका वे पूरे साल इंतजार करते हैं। उन्होंने कहा कि इस तरह के सम्मान से बच्चों में आत्मविश्वास बढ़ता है और वे भविष्य में और बेहतर करने के लिए प्रेरित होते हैं। उन्होंने आगे कहा कि यह केवल विद्यार्थियों के लिए ही नहीं, बल्कि पूरे विद्यालय परिवार के लिए गर्व का क्षण होता है। शिक्षकों के मार्गदर्शन और समर्पण के साथ विद्यार्थियों की मेहनत का ही परिणाम है कि वे इस मुकाम तक पहुंचते हैं। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि विद्यालय की वास्तविक सफलता तब मानी जाएगी, जब अंतिम पंक्ति में खड़ा छात्र भी आगे बढ़कर प्रथम स्थान प्राप्त करे।

उन्होंने यह भी कहा कि विद्यार्थियों की सफलता केवल प्रमाण पत्रों तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि उनके आचार-विचार और सामाजिक व्यवहार में भी झलकनी चाहिए। ऐसे आयोजनों का उद्देश्य बच्चों को प्रतिस्पर्धी युग के अनुरूप तैयार करना और उनकी अध्ययन क्षमता को सशक्त बनाना है। सम्मानित विद्यार्थियों में नर्सरी के अविरल पांडे, प्रेप वर्ग की सृष्टि श्रीवास्तव, कक्षा 1 के अंशु एवं अपराजिता, कक्षा 2 के अर्नव आनंद, कक्षा 3 के ऋषभ यादव व प्रताप सिंह, कक्षा 4 के अंकुश आनंद व वैष्णवी गुप्ता, कक्षा 5 के नवनीत कुमार राय व विक्रांत सिंह, कक्षा 6 की कुमारी अर्चना व वैष्णवी कुमारी, कक्षा 7 की अनामिका मिश्रा व सुमन वर्मा, कक्षा 8 की राजनंदनी व किशन राज, कक्षा 9 के नीरज दुबे व वरदान पांडे शामिल रहे। इस दौरान सम्मानित छात्रों ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि सफलता का मूल मंत्र स्वाध्याय, नियमित अभ्यास, मानसिक धैर्य और अनुशासन है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here