गुप्त सूचना पर पुलिस की कार्रवाई, देसी कट्टा और पांच कारतूस बरामद बक्सर खबर। राजपुर थाना को मिली गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने शनिवार को सिसराढ़ गांव में छापेमारी कर एक व्यक्ति को अवैध हथियार और पांच कारतूस के साथ गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार सूचना मिली थी कि गांव में एक व्यक्ति अवैध हथियार के साथ संदिग्ध गतिविधियों में संलिप्त है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी निवास कुमार के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया, जिसने त्वरित कार्रवाई करते हुए उक्त स्थान पर छापेमारी की।
छापेमारी के दौरान भगाई राम के पुत्र बृजकिशोर राम उर्फ किशोरी राम को गिरफ्तार किया गया। तलाशी लेने पर उसके पास से एक 8 एमएम का देसी कट्टा और पांच कारतूस बरामद किए गए। पुलिस का कहना है कि आरोपी गांव में किराना दुकान चलाता है और उसी की आड़ में शराब तस्करी का भी काम करता है। फिलहाल उससे पूछताछ की जा रही है। इस कार्रवाई में अपर थाना प्रभारी शिवकुमार मंडल, एसआई वकार अहमद गौसी, अनीशा भारती, एएसआई प्रवीण कुमार सहित सशस्त्र बल के जवान शामिल है।
































































































