शांति समिति की बैठक में फैसला, सोशल मीडिया पर रहेगी पैनी नजर, नियमों का उल्लंघन करने वालों पर होगी सीधी कार्रवाई बक्सर खबर। सदर अनुमंडल कार्यालय कक्ष में सोमवार को अनुमंडल पदाधिकारी अविनाश कुमार की अध्यक्षता में शांति समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक का मुख्य उद्देश्य चैती छठ एवं रामनवमी के अवसर पर शहर में विधि-व्यवस्था बनाए रखने को लेकर आवश्यक तैयारियों की समीक्षा करना था। बैठक में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी गौरव कुमार पाण्डेय, नगर परिषद के स्वच्छता पदाधिकारी, नगर थानाध्यक्ष सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे। इस दौरान दोनों पर्वों के शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित आयोजन को लेकर विस्तार से चर्चा की गई तथा शांति समिति के सदस्यों द्वारा दिए गए सुझावों पर विचार-विमर्श किया गया। बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि किसी भी परिस्थिति में चैती छठ एवं रामनवमी के दौरान डीजे का प्रयोग पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। यदि कोई व्यक्ति या समूह डीजे बजाते हुए पकड़ा जाता है तो उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
वहीं, पूजा समितियों को लाउडस्पीकर के उपयोग के लिए निर्धारित नियमों के तहत सीमित संख्या में ही अनुमति देने पर सहमति बनी। यह अनुमति बिहार कंट्रोल एंड यूज ऑफ लाउडस्पीकर एक्ट के प्रावधानों के अनुरूप दी जाएगी। प्रशासन ने सोशल मीडिया पर विशेष नजर रखने का भी निर्णय लिया है। किसी भी प्रकार की भ्रामक या अफवाह फैलाने वाली पोस्ट पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी गई है, ताकि सामाजिक सौहार्द बना रहे। नगर परिषद को निर्देश दिया गया कि पर्व से पूर्व शहर की साफ-सफाई, विशेषकर गंगा घाटों की स्वच्छता एवं प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित कर ली जाए। बैठक में अशोक उपाध्याय, रवि राज, अधिवक्ता सुरेश संगम, डॉ. मनोज कुमार यादव, डॉ. मनोज पांडेय, डॉ. निसार अहमद, कृष्णा चौबे, हिमांशु चतुर्वेदी, दीपक पाण्डेय सहित कई शांति समिति के सदस्य उपस्थित रहे।
































































































