भगत सिंह के पदचिह्नों पर चलने का संकल्प, मनाया गया 95वां शहादत दिवस बक्सर खबर। भगत सिंह, राजगुरु और सुखदेव के 95वें शहादत दिवस के अवसर पर भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के कार्यकर्ताओं ने सोमवार को स्थानीय मुनीम चौक स्थित शहीद भगत सिंह पार्क में स्थापित उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में पूर्व सांसद तेजनारायण सिंह ने कहा कि देश की आजादी में शहीद भगत सिंह का योगदान अविस्मरणीय है। उन्होंने उनके विचारों को याद करते हुए कहा कि क्रांति केवल बंदूक की गोली से नहीं, बल्कि विचारों की धार से आती है।
उन्होंने चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि आज हम भगत सिंह के सपनों की आजादी हासिल करने में अभी भी सफल नहीं हो सके हैं और इसके लिए लंबी लड़ाई लड़ने की आवश्यकता है।विचार गोष्ठी शुरू होने से पहले जिला इकाई के कार्यकर्ताओं ने भगत सिंह की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया। श्रद्धांजलि अर्पित करने वालों में जिलामंत्री जितेंद्र सिंह, ज्योतेश्वर सिंह उर्फ बालक दास, जिला पार्षद केदार सिंह, नागेंद्र मोहन सिंह, बंशनारायण सिंह, सलाहुद्दीन अंसारी, महेंद्र सिंह, कृष्णा प्रसाद, शिवशंकर सिंह सहित कई कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
































































































