राष्ट्रीय लोक अदालत के लिए 9 बेंचों का गठन

0
112

14 मार्च को आपसी सुलह से होगा करीब 3000 मामलों का निपटारा                                                            बक्सर खबर। बिहार राज्य विधिक सेवा प्राधिकार, पटना के निर्देशानुसार इस वर्ष की पहली राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन 14 मार्च को किया जाएगा। इसके सफल संचालन के लिए प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकार काजल झाम्ब की अध्यक्षता में कुल नौ बेंच का गठन किया गया है। प्रत्येक पीठ में एक न्यायिक पदाधिकारी, एक पैनल अधिवक्ता तथा एक पीठ लिपिक शामिल रहेंगे, जो आपसी सुलह के आधार पर मामलों का निपटारा करेंगे। लोक अदालत में सुलहनीय वादों को चिन्हित कर उनका त्वरित निष्पादन किया जाएगा। प्रथम पीठ में प्रधान न्यायाधीश कुटुंब न्यायालय मनोज कुमार तथा पैनल अधिवक्ता रामानंद मिश्रा रहेंगे। इस पीठ में भारतीय स्टेट बैंक से जुड़े मामले, सर्टिफिकेट वाद, वैवाहिक वाद और मोटर वाहन दुर्घटना अधिनियम से संबंधित मामलों का निष्पादन किया जाएगा। द्वितीय पीठ में जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश सुदेश कुमार श्रीवास्तव तथा पैनल अधिवक्ता दीपिका कुमारी केसरी रहेंगे। इस पीठ में जिला न्यायालय में लंबित सुलहनीय वादों के साथ ही इंडियन बैंक, एचडीएफसी बैंक, भारत संचार निगम लिमिटेड और ग्राम कचहरी से जुड़े मामलों का निपटारा होगा।

तृतीय पीठ में जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश पंचम संजीत कुमार सिंह तथा पैनल अधिवक्ता रेणु रणविजय ओझा कार्य करेंगे। यहां बैंक ऑफ बड़ौदा, बंधन बैंक तथा अनुमंडल न्यायालय बक्सर में लंबित मामलों का सुलह के आधार पर निष्पादन किया जाएगा। चौथी पीठ में जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश अमित कुमार शर्मा तथा पैनल अधिवक्ता मधु कुमारी रहेंगे। इस पीठ में अनुमंडल न्यायालय के आपराधिक वादों के साथ ही आईडीबीआई बैंक, केनरा बैंक और बैंक ऑफ इंडिया से संबंधित मामलों का निपटारा किया जाएगा। पांचवीं पीठ में जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश कमल कुमार तथा पैनल अधिवक्ता विष्णु दत्त द्विवेदी कार्य करेंगे। इस पीठ में श्रम विभाग, दक्षिण बिहार ग्रामीण बैंक बक्सर व डुमरांव तथा भूमि अधिग्रहण से जुड़े मामलों का निष्पादन होगा। छठी पीठ में जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश सप्तम मानस कुमार वत्सल तथा पैनल अधिवक्ता सेवानंद उपाध्याय रहेंगे। इसमें खनन विभाग, वन विभाग, ग्राम कचहरी, यूको बैंक और उत्कर्ष स्मॉल फाइनेंस बैंक से जुड़े मामलों का निपटारा किया जाएगा। सातवीं पीठ में अवर न्यायाधीश प्रथम भोला सिंह तथा पैनल अधिवक्ता राजीव कुमार मिश्रा कार्य करेंगे। यहां अरिहंत बैंक, सत्या माइक्रो कैपिटल लिमिटेड, टीवीएस क्रेडिट, एचडीबी फाइनेंस सर्विस सहित अन्य बैंकों से जुड़े मामलों का निष्पादन होगा। आठवीं पीठ में अवर न्यायाधीश तृतीय महेश्वर नाथ पांडेय तथा पैनल अधिवक्ता ज्योति शंकर और धर्मेंद्र कुमार रहेंगे। इस पीठ में बिजली चोरी से जुड़े मामलों के साथ ही सोनाटा फाइनेंस और जिला परिवहन विभाग से संबंधित मामलों का निपटारा किया जाएगा।

नवमी पीठ में न्यायिक दंडाधिकारी प्रथम श्रेणी मानवेंद्र सिंह तथा पैनल अधिवक्ता कंचन कुमारी कार्य करेंगी। इस पीठ में न्यायिक दंडाधिकारी प्रथम श्रेणी के न्यायालय में लंबित आपराधिक मामलों के साथ ही माप-तौल विभाग तथा पंजाब नेशनल बैंक बक्सर और डुमरांव से जुड़े मामलों का निष्पादन होगा। इस संबंध में जिला विधिक सेवा प्राधिकार की सचिव सह अवर न्यायाधीश नेहा दयाल ने आम लोगों से अपील करते हुए कहा कि वर्ष की इस पहली राष्ट्रीय लोक अदालत में जिले के लगभग तीन हजार मामलों के निष्पादन का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने कहा कि बैंक से जुड़े मामलों के निपटारे में बैंकों की ओर से विशेष छूट देने का भी आश्वासन दिया गया है। उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक संख्या में लोक अदालत में पहुंचकर आपसी सहमति से मामलों का समाधान कराने की अपील की और कहा कि लोक अदालत जनता की अदालत है, जिसे सभी के सहयोग से सफल बनाया जा सकता है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here