End Polio Now के संकल्प और गंगा-जमुनी तहजीब के साथ रोटेरियंस ने उड़ाया गुलाल बक्सर खबर। शहर के सिविल लाइन मोहल्ला स्थित रोटरी भवन में रोटरी क्लब ऑफ बक्सर की ओर से पारंपरिक होली मिलन समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता रोटरी अध्यक्ष डॉ. दिलशाद आलम ने की। समारोह में रंग, संगीत और सामाजिक संदेश का सुंदर संगम देखने को मिला। कार्यक्रम की शुरुआत स्थानीय हनुमान मंदिर के व्यास एवं उनकी मंडली द्वारा झाल और ढोलक की थाप पर पारंपरिक फगुआ गायन से हुई। फगुआ के सुरों पर उपस्थित रोटरी सदस्यों ने एक-दूसरे को गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर जिले के स्टार गायक शिवम कश्यप ने होली के फिल्मी गीतों की शानदार प्रस्तुति देकर समां बांध दिया। उनकी प्रस्तुति पर उपस्थित लोगों ने तालियों की गड़गड़ाहट से स्वागत किया।
समारोह में आए सभी रोटरी सदस्यों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और कलाकारों को रोटरी की ओर से लाल रंग की टी-शर्ट प्रदान की गई। टी-शर्ट पर End Polio Now स्लोगन अंकित था। इस संबंध में अध्यक्ष डॉ. दिलशाद आलम ने कहा कि यह स्लोगन रोटरी की ऐतिहासिक उपलब्धि का प्रतीक है। रोटरी के प्रयासों एवं सरकार के सहयोग से वर्ष 2014 में भारत को पोलियो मुक्त घोषित किया गया था। उन्होंने बताया कि रोटरी इंटरनेशनल वर्ष 1985 से पोलियो उन्मूलन मिशन पर कार्यरत है और End Polio Now अभियान के तहत विश्वभर में पोलियो के मामलों में 99.9 प्रतिशत की कमी आई है। उन्होंने जानकारी दी कि जिले में पोलियो अभियान का बूस्टर डोज मई माह से शुरू होगा। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे अपने बच्चों को पोलियो की खुराक अवश्य दिलवाएं और विश्व को पोलियो मुक्त बनाने में सहयोग करें। इस वर्ष बक्सर रोटरी क्लब को रोटरी इंटरनेशनल की ओर से एवरी रोटेरियन एवरी ईयर अवार्ड से सम्मानित किया गया है, जिससे सभी सदस्यों में हर्ष का माहौल है।

अध्यक्ष ने होली के अवसर पर आपसी भाईचारा और सौहार्द बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि रमजान का पवित्र महीना भी चल रहा है। बक्सर की गंगा-जमुनी तहजीब की परंपरा को आगे बढ़ाते हुए सभी नागरिक मिल-जुलकर त्योहार मनाएं। समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में रोटरी के पूर्व डिस्ट्रिक्ट गवर्नर डॉ. सीएम सिंह, आगामी सत्र के अध्यक्ष निर्मल कुमार सिंह, पूर्व अध्यक्ष डॉ. मनीष पांडेय, मनोज वर्मा, एसएम साहिल, कृष्णानंद सिंह, मंजेश केसरी, चेयरमैन प्रतिनिधि नियामतुल्लाह फरीदी, रोटरी सचिव डॉ. श्रवण तिवारी, प्रकाश पांडेय, अमरनाथ प्रसाद, सागर वर्मा, गोपाल केसरी, सुजीत कुमार, सूरज कुमार, शिवधार तिवारी, सत्येंद्र सिंह, राजेश केसरी, अनिल जायसवाल सहित दर्जनों सदस्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन होली की शुभकामनाओं और सामूहिक भोज के साथ हुआ।



































































































