– राजपुर थाना क्षेत्र में चौसा-कोचस मार्ग पर हुई दुर्घटना
बक्सर खबर। बाइक सवार दो युवक सोमवार की रात दुर्घटना का शिकार हो गए। उनकी बाइक का संतुलन बिगड़ा और सड़क किनारे खंभे जा टकराई। दोनो सवार वहीं लहूलुहान होकर गिर पड़े। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार एक की मौत वहीं हो गई थी। पुलिस को सूचना दी गई। दोनों को सदर अस्पताल ले जाया गया। जहां चिकित्सकों ने संजू राजभर (30) को मृत घोषित कर दिया। यह युवक इटाढ़ी थाना क्षेत्र के रुकनाडीह गांव का निवासी था। यह गांव इटाढ़ी थाना की सीमा में पड़ने वाले हकीमपुर पंचायत का हिस्सा है। सूचना के अनुसार संजू चौसा थर्मल पावर में काम करता था। वह अपने साथ काम करने वाले कुसुरुपा के एक युवक को बाइक से छोड़ने उसके गांव जा रहा था।
इस दौरान सरेंजा गांव से कुछ आगे और कुसुरुपा गांव से पहले मोड के समीप उनकी बाइक दुर्घटना का शिकार हो गई। इसकी वजह सड़क का खराब होना भी है। वहां की टूटी सड़क के कारण उनकी बाइक का संतुलन खराब हुआ। हालांकि पुलिस ने पूछने पर बताया। दुर्घटना कैसे हुई, यह तो स्पष्ट नहीं है। बाइक पर दो लोग सवार थे। उनमें से एक की मौत हो गई है। दूसरे घायल को भी गंभीर चोटें आई थी। उसे वाराणसी रेफर किया गया है। सूचना यह भी मिली कि कुछ लोगों ने रात के वक्त वहां सड़क जाम करने का प्रयास किया। लेकिन, थोड़ी ही देर में पुलिस ने सबको समझाकर वहां से चलता किया।



































































































