–राजपुर बाजार में जदयू चुनाव कार्यालय का हुआ उद्घाटन बक्सर खबर। राजपुर विधानसभा क्षेत्र के राजपुर बाजार में बुधवार को जनता दल यूनाइटेड का चुनाव कार्यालय पूर्व मंत्री एवं एनडीए के जदयू उम्मीदवार संतोष कुमार निराला ने फीता खोलकर उद्घाटन किया। इस अवसर पर एनडीए के वरिष्ठ नेता, कार्यकर्ता और समर्थक बड़ी संख्या में मौजूद रहे। उद्घाटन के बाद कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए संतोष निराला ने कहा कि राजपुर विधानसभा क्षेत्र में एनडीए की जीत ऐतिहासिक होगी, क्योंकि जनता विकास और सुशासन के साथ है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करने, मतदान की महत्ता बताने और सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को हर घर तक पहुंचाने का आह्वान किया।
निराला ने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार विकास के पथ पर तेजी से आगे बढ़ रहा है, और एनडीए की डबल इंजन सरकार ने हर क्षेत्र में चौमुखी विकास किया है। उन्होंने कहा कि हम सबकी जिम्मेदारी है कि इस विकास की रफ्तार को अपने मत से और गति दें, ताकि क्षेत्र और राज्य दोनों आगे बढ़ें। कार्यक्रम में उपस्थित कार्यकर्ताओं ने उत्साह और जोश के साथ एकजुट होकर राजपुर विधानसभा में एनडीए की ऐतिहासिक जीत सुनिश्चित करने का संकल्प लिया। निराला ने कहा कि कार्यकर्ताओं की निष्ठा और जनता का सहयोग देखकर उन्हें विश्वास है कि विकास और सुशासन का यह सफर निरंतर जारी रहेगा।

































































































