बहन ने देखा खौफनाक मंजर, कारण बना रहस्य, पुलिस जांच में जुटी बक्सर खबर। पति परदेस में रोजी-रोटी के लिए संघर्ष कर रहा था और पत्नी गांव में जिंदगी से जंग हार गई। कुछ ऐसी ही हकीकत शुक्रवार को राजपुर थाना क्षेत्र के हरपुर गांव में सामने आई, जिसने पूरे गांव को स्तब्ध कर दिया। यहां 25 वर्षीय कंचन देवी का शव घर के कमरे में पंखे से लटका मिला। तीन बच्चों की मां कंचन ने दुपट्टे से फांसी लगाकर जान दे दी। घटना के वक्त पति धर्मेंद्र राजभर चेन्नई में एक निजी कंपनी में काम कर रहा था, जबकि कंचन गांव में बच्चों और अपनी 16 वर्षीय बहन के साथ रह रही थी।
बताया जा रहा है कि गुरुवार की रात सब कुछ सामान्य था। कंचन ने परिवार के साथ खाना खाया और बच्चों व बहन के साथ सोने चली गई। लेकिन रात के सन्नाटे में उसने ऐसा कदम उठाया, जिसकी कल्पना किसी ने नहीं की थी। सुबह जब उसकी बहन की नींद खुली तो उसने अपनी दीदी को फंदे से झूलता पाया। वह जोर-जोर से चिल्लाई तो घरवाले और बच्चे दौड़े आए। सूचना मिलते ही राजपुर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची। शव को नीचे उतारा गया और जांच शुरू की गई। फॉरेंसिक टीम ने भी साक्ष्य जुटाए हैं।

परिजनों और ग्रामीणों का कहना है कि कंचन का किसी से कोई झगड़ा या विवाद नहीं था। न ही उसने किसी परेशानी की बात कभी जाहिर की। ऐसे में यह आत्महत्या रहस्य बन गई है, आखिर ऐसा क्या हुआ कि एक मां ने अपने बच्चों को छोड़कर दुनिया को अलविदा कह दिया? घटना की सूचना पाकर पति धर्मेंद्र राजभर चेन्नई से गांव के लिए रवाना हो गया है। पुलिस आत्महत्या के कारणों को जानने के लिए हर पहलू पर बारीकी से जांच कर रही है।