बक्सर खबर। डुमरांव नगर के सबसे व्यस्त इलाके में स्थित दो दुकानों में अपराधियों ने रविवार की शाम गोली चला दहशत मचा दी। घटना शाम सवा सात बजे के लगभग हुई। एक बाइक पर दो युवक सवार हो नगर परिषद के सामने स्थित जयराम कटरा पहुंचे। दुकान के बाहर खड़े हुए दनादन चार-पांच गोलियां चलाईं। आस-पास स्थित दोनों दुकानों को निशाना बनाकर चलाई गयी गोली में कोई घायल नहीं हुआ।
लेकिन, पूरे बाजार में दहशत का माहौल कायम हो गया। दोनों युवक उसी बाइक से फरार हो गए। अचानक हुई घटना के कारण पूरा शहर सन्न रह गया। कौन है और किसने ऐसा किया। इसके पीछे किसी अपराधी गिरोह का हाथ तो नहीं। इस तरह की तमाम चर्चाए वहां चल रहीं हैं। सूचना के अनुसार पुलिस वहां पहुंच चुकी है। आस-पास के सीसी टीवी खंगाले जा रहे हैं। जिससे ऐसा करने वालों की पहचान की जा सके।































































































