बक्सर खबरः बुधवार दोपहर कोरानसराय थाना क्षेत्र के मठिला गांव में परिवारिक कलह से तंग आ एक विवाहिता ने जहर खा आत्महत्या कर ली है। मृतका विभा देवी मठिला पूरब टोला के सरोज सिंह की पत्नी है। इस संबंध में उसके भाई ब्रजेश सिंह ने ससुराल पक्ष के गोतिनी ममता देवी, भसूर भूषण सिंह पर नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई है।
मृतका का पति सरोज सिंह बाहर मेें नौकरी करता है। बताया जाता है कि उसका मायका भोजपुर जिले के उदवंतनगर में है। छह वर्ष पूर्व उसकी शादी मठिला के सरोज सिंह के साथ हुई थी। उसे एक वर्ष की एक पुत्री है। घटना के बाद घर में कोहराम मच गया है। कोरानसराय थानाध्यक्ष नंदन कुमार ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।

































































































