– रविवार को नेउरा के ट्रक ने मारी बाइक को टक्कर, गांव आया शव
बक्सर खबर। बैंक की नौकरी मिली और युवक भविष्य के सपने लेकर पटना जा रहा था। लेकिन, रास्ते में ही उसकी जीवन लीला समाप्त हो गई। यह दुखद घटना सोनवर्षा निवासी अभिषेक कुमार (26 वर्ष) के साथ रविवार को दिन के ग्यारह बजे के लगभग दानापुर के नेउरा के समीप हुई। जहां उसकी बाइक को बालू लदे ट्रक ने कुचल दिया। अभिषेक नावानगर प्रखंड के ग्राम सोनवर्षा, थाना सोनवर्षा निवासी ओम हरी चौधरी का पुत्र था। परिजनों को सूचना मिली तो वे भागे-भागे पटना पहुंचे।
पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा। शाम सात बजे के लगभग उसका शव गांव आया। खबर पूरे गांव में पहले ही फैल चुकी थी। तुरंत ही लोगों का जमघट उसके दरवाजे पर जमा हो गया। वहां मौजूद लोग इस दुर्घटना पर गहरी संवेदना प्रकट कर रहे थे। क्योंकि युवक अपने पिता का इकलौता पुत्र था। दूसरे नौकरी मिलने के बाद पटना में रहने के लिए जगह देखने गया था। कुछ लोगों ने यह भी बताया कि उसकी शादी तय हो चुकी थी। इसी वर्ष नवंबर माह में विवाह का समय निर्धारित था। लेकिन, कालचक्र ने एक झटके में उसके जीवन को समाप्त कर दिया।






























































































