राष्ट्रीय संयोजक राजकुमार चौबे ने घटना को बताया व्यवस्था की विफलता, बोले- हर स्तर पर परिवार के साथ खड़ी है सेना बक्सर खबर। विश्वामित्र सेना का एक प्रतिनिधिमंडल राष्ट्रीय संयोजक राजकुमार चौबे के नेतृत्व में शनिवार को भोजपुर जिले के शाहपुर थाना क्षेत्र के बिलौटी गांव पहुंचा। प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस मुठभेड़ में मारे गए भरत तिवारी के परिजनों से मुलाकात कर गहरी संवेदना व्यक्त की और उन्हें न्याय दिलाने का भरोसा दिया।राजकुमार चौबे ने कहा कि यह घटना व्यवस्था की गंभीर विफलता को दर्शाती है। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों को पीड़ित परिवार के साथ खड़ा होना चाहिए था। ऐसे मामलों में समय पर कार्रवाई नहीं होने से आम लोगों का कानून और न्याय व्यवस्था पर भरोसा कमजोर होता है। विश्वामित्र सेना ने सरकार से मांग की कि मामले में शामिल दोषी पुलिसकर्मियों के विरुद्ध हत्या का मुकदमा दर्ज कर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए।
साथ ही पूरे प्रकरण की निष्पक्ष, पारदर्शी और उच्चस्तरीय जांच कराई जाए। संगठन ने कहा कि भरत तिवारी के परिवार को न्याय मिलने तक उसका संघर्ष जारी रहेगा। हर स्तर पर परिवार के साथ मजबूती से खड़ा रहने का भी आश्वासन दिया गया। इस दौरान विश्वामित्र सेना ने मुख्यमंत्री द्वारा सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर की गई उस घोषणा का स्वागत किया, जिसमें 17 जून को हुई पुलिस मुठभेड़ की स्वतंत्र और निष्पक्ष जांच के लिए उच्च न्यायालय के सेवानिवृत्त न्यायाधीश से न्यायिक जांच कराने की बात कही गई है। संगठन ने मांग की कि न्यायिक जांच पूरी पारदर्शिता के साथ हो और जांच में दोषी पाए जाने वाले किसी भी व्यक्ति के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।






























































































