11 हजार वोल्ट की चपेट में आई महिला, दर्दनाक मौत

0
923

पति बेचता है चाट-समोसा, पत्नी करती थी चौका-बर्तन                          बक्सर खबर। शहर के आदर्श नगर मोहल्ले में हाई वोल्टेज करंट की चपेट में आने से एक महिला की दर्दनाक मौत हो गई। यह हादसा रविवार को उस समय हुआ जब महिला छत पर कपड़े सुखाने गई थी। मिली जानकारी के अनुसार, आदर्श नगर में किराये के मकान में रहने वाली पिंकी देवी (33), पति राजू कुमार, कपड़े धोने के बाद उन्हें सुखाने के लिए छत पर गई थीं। इसी दौरान छत के ऊपर से गुजर रहे 11 हजार वोल्ट के विद्युत तार की चपेट में आकर वह बुरी तरह झुलस गईं। घटना के बाद परिजन आनन-फानन में उन्हें इलाज के लिए सदर अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

सूचना मिलते ही टाउन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया। बताया जाता है कि मृतका का पति राजू कुमार स्टेशन रोड स्थित बुनियादी विद्यालय के पास ठेला लगाकर समोसे और चाट बेचकर परिवार का भरण-पोषण करता है। वहीं पिंकी देवी भी महात्मा गांधी नगर के दो-तीन घरों में चौका-बर्तन कर परिवार की आर्थिक मदद करती थीं। पिंकी देवी अपने पीछे दो बच्चों को छोड़ गई हैं, जिनकी उम्र क्रमशः 11 और 13 वर्ष है। इस हृदयविदारक घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है और मोहल्ले में शोक की लहर दौड़ गई है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here