बक्सर खबर। अपहरण की सूचना मिलते ही नगर थाने की पुलिस भौंचक रह गई। पूनम देवी नाम की महिला ने पुलिस को बताया उसके 14 वर्षीय पुत्र पीयूष का तीन लोगों ने हथियार के बल पर अपहरण कर लिया है। ऐसा करने वाले लोग सिमरी दुद्धी पट्टी के हैं। वे लोग शुक्रवार की दोपहर बक्सर नगर के कौटिल्य नगर में आ धमके। मैं खाना बना रही थी। उन लोगों मेरे घर में दाखिल हुए। मेरे बेटे को मारने लगे। मैं बचाने गई तो मुझे भी मारकर घायल कर दिया।
जब मुझे होश आया तो देखा बेटा गायब है। घर में रखे 50 हजार रुपये भी गायब हैं। नगर थाने की पुलिस शिकायत दर्ज ही कर रही थी। तभी सूचना मिली, किशोर को सिमरी में ले जाकर छोड़ दिया गया है। नगर थाने की सूचना पर सिमरी पुलिस ने उसे बरामद कर लिया। इस संबंध में पूछने पर नगर कोतवाल ने कहा रिंटू राय, नारायण राय व संजय राय के खिलाफ शिकायत दर्ज की गई है। मामला आपसी विवाद का प्रतीत हो रहा है। वहीं दूसरी तरफ पूछताछ में सूत्रों से ज्ञात हुआ कि दस दिन पहले सिमरी के केशोपुर गांव के समीप युवकों के दो गोल में मारपीट हुई थी।
उस वक्त रिंटू राय को काफी चोट आई थी। उसकी शिकायत सिमरी थाने में दर्ज है। पुलिस ने एक दिन पहले उस मामले में एक युवक को सिमरी से ही गिरफ्तार किया है। उसकी मामले के कारण बक्सर में रहने वाले महिला ने यह केस किया है। क्योंकि उनके पुत्रों का नाम भी उस केस में है। हालांकि इस बाबत पूछने पर सिमरी की थानाध्यक्ष ने कहा, अभी मैं इस मामले में कुछ बताने की स्थिति में नहीं हूं। क्योंकि अपहरण की प्राथमिकी बक्सर में हुई है। हमारे यहां किशोर बरामद जरुर हुआ है। हालांकि पुलिस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है।
































































































