आरपीएफ-जीआरपी की संयुक्त कार्रवाई में मिली सफलता बक्सर खबर। आरपीएफ और जीआरपी की संयुक्त टीम ने ऑपरेशन सतर्क के तहत कार्रवाई करते हुए 30 लीटर अवैध शराब बरामद की है। इस दौरान दो महिलाओं को गिरफ्तार किया गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, रविवार को विश्वसनीय सूचना मिलने के बाद आरपीएफ और जीआरपी की टीम स्थानीय रेलवे स्टेशन पर सतर्क हो गई। सुबह करीब 11 बजे गाड़ी संख्या 20802 डाउन मगध एक्सप्रेस के स्टेशन पहुंचने के बाद विशेष जांच अभियान चलाया गया।
जांच के दौरान संदिग्ध यात्रियों के बैग की तलाशी ली गई। तलाशी में कुल 30 लीटर शराब बरामद हुई। जब्त शराब की कीमत 25,380 रुपये आंकी गई है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने पटना जिले की रहने वाली दो महिलाओं को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार महिलाओं की पहचान इंदु देवी 32 वर्ष, निवासी गोनपुरा, थाना फुलवारी शरीफ और सविता देवी 35 वर्ष, निवासी चिकसी, थाना सिगोरी के रूप में हुई है। पूछताछ के बाद दोनों आरोपितों के विरुद्ध जीआरपी थाना में मामला दर्ज किया गया। इसके बाद उन्हें न्यायिक प्रक्रिया के तहत न्यायालय भेज दिया गया।






























































































