वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट योजना में शामिल करने की मांग बक्सर खबर। धार्मिक एवं ऐतिहासिक नगरी बक्सर की प्रसिद्ध पापड़ी को राष्ट्रीय पहचान दिलाने की मांग तेज हो गई है। विश्वामित्र सेना ने शुक्रवार को रेलवे स्टेशन परिसर में प्रेस वार्ता कर राज्य और केंद्र सरकार से बक्सर की पापड़ी को जीआई टैग दिलाने तथा ‘वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट’ योजना में शामिल करने की मांग की। विश्वामित्र सेना के राष्ट्रीय संयोजक राजकुमार चौबे ने कहा कि पापड़ी यहां की सनातन संस्कृति, परंपरा और ऐतिहासिक विरासत का प्रतीक है। स्वाद और गुणवत्ता के कारण इसकी अलग पहचान रही है, लेकिन संरक्षण और प्रचार-प्रसार के अभाव में यह पारंपरिक उद्योग धीरे-धीरे अपनी पहचान खो रहा है।उन्होंने कहा कि पापड़ी को जीआई टैग मिलने से इसकी विशिष्टता सुरक्षित होगी और इसे राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिलेगी। साथ ही ओडीओपी योजना में शामिल किए जाने से स्थानीय कारीगरों और व्यापारियों को सीधा लाभ मिलेगा।
राजकुमार चौबे ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी को भी बक्सर की पापड़ी पसंद थी। उन्होंने कहा कि जिस तरह मिथिलांचल के मखाने को वैश्विक पहचान मिली है, उसी तरह बक्सर की पापड़ी को भी ब्रांडिंग और प्रोत्साहन देकर राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय बाजार तक पहुंचाया जा सकता है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने मांगों पर सकारात्मक पहल नहीं की, तो स्थानीय नागरिकों और व्यापारियों के सहयोग से जन आंदोलन शुरू किया जाएगा। प्रेस वार्ता में अशोक उपाध्याय, रवि राज, मदन गुप्ता, कपिल मुनी पांडे, मोहित बाबा सहित कई व्यापारी और सामाजिक कार्यकर्ता मौजूद रहे।































































































