– शनिवार की रात वीर कुंवर सिंह सेतु चेकपोस्ट पर हुई बरामदगी
बक्सर खबर। उत्पाद विभाग की टीम ने शनिवार की रात वीर कुंवर सिंह चेकपोस्ट पर शराब से भरी मारुति वैन बरामद की। तलाशी के दौरान विभिन्न ब्रांड की 112 लीटर विदेशी शराब जब्त की गई। इसकी जानकारी देते हुए उत्पाद अधीक्षक अशरफ जमाल ने बताया। संध्या समय में इंस्पेक्टर कुंदन कुमार की ड्यूटी थी। वे वाहनों की नियमित जांच करा रहे थे। इस दौरान सफेद रंग की कार आई।
जब उसकी तलाशी ली गई तो विदेशी ब्रांड की कुल 112. 53 लीटर शराब बरामद हुई। गिरफ्तार किए गए युवक का नाम विनोद कुमार है। वह भोजपुर जिला के ग्राम पियनियां, थाना उदवंतनगर का निवासी है। पूछताछ में उसने बताया यह खेप उसने बलिया से उठाई थी। इसे लेकर आरा जाना था। लेकिन, उत्पाद विभाग की चौकस टीम ने उसे यूपी से बिहार में प्रवेश करते समय ही गिरफ्तार कर लिया। आज रविवार को आवश्यक कागजी कार्रवाई पूरी होने के उपरांत उसे जेल भेज दिया गया।































































































