एनएच 922 पर भीषण हादसा, 9 लोग घायल, शादी की खुशियां मातम में बदली बक्सर खबर। शादी की खुशियां उस वक्त मातम में बदल गईं जब बरात से लौट रही स्कॉर्पियो अचानक दुर्घटनाग्रस्त हो गई। यह भीषण हादसा ब्रह्मपुर थाना क्षेत्र के रामगढ़ गांव के समीप एनएच 922 पर देर रात हुआ। हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 9 अन्य घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पूरे गांव में कोहराम मच गया और खुशियों का माहौल चीख-पुकार में तब्दील हो गया। जानकारी के अनुसार, शुक्रवार को चक्की थाना क्षेत्र के भरियार गांव निवासी संजय बिंद के पुत्र लवकुश बिंद की शादी आरा निवासी बंधु बिंद की पुत्री रेणु कुमारी से ब्रह्मपुर के इंदु मैरिज हॉल में संपन्न हुई थी। शादी के बाद देर रात करीब 11 बजे दूल्हा पक्ष के लोग स्कॉर्पियो से अपने गांव लौट रहे थे। रामगढ़ के पास अचानक दो स्कॉर्पियो गाड़ियां आपस में टकरा गईं, जिससे एक गाड़ी का संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क किनारे पलट गई।
दुर्घटना की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंचे और घायलों की मदद में जुट गए। तुरंत इसकी सूचना ब्रह्मपुर थाना को दी गई। पुलिस मौके पर पहुंचकर सभी घायलों को इलाज के लिए रघुनाथपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गई। जहां डॉक्टरों ने दो लोगों को मृत घोषित कर दिया। हादसे में भरियार गांव निवासी मोनू बिंद (22), पिता कीनू बिंद और बिहिया थाना क्षेत्र के चारघाट निवासी सुमित बिंद की पुत्री राधिका कुमारी की मौत हो गई। मोनू दूल्हे का दोस्त व राधिका दूल्हे की भांजी बताई जा रही है। चार गंभीर घायलों को सदर अस्पताल रेफर किया गया है जबकि पांच अन्य का इलाज रघुनाथपुर पीएचसी में चल रहा है। ब्रह्मपुर थानाध्यक्ष सुरेश कुमार ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि मृतकों के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। वहीं, दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।