‌‌‌14 किलो गांजा के साथ गिरफ्तार हुआ बलिया का युवक

0
579

-ट्रेन से लेकर पहुंचा था स्टेशन, शक के आधार पर हुआ गिरफ्तार
बक्सर खबर। रेलवे सुरक्षा बल व रेल पुलिस की टीम की संयुक्त कार्रवाई में गुरुवार को स्टेशन से 14 किलो गांजा बरामद किया गया। इस आरोप में रामजी गुप्ता, ग्राम नई बस्ती, भरौली, जिला बलिया, उत्तर प्रदेश के युवक को गिरफ्तार किया गया है। जीआरपी के अनुसार यह युवक अपराह्न चार बजे के लगभग दादर गुवाहाटी एक्सप्रेस से आरपीएफ पोस्ट के समीप उतरा। इसके कंधे पर भारी बैग व हाथ में झोला था। प्लेटफार्म संख्या दो और तीन के मध्य से वह गुजर रहा था।

ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को उसपर शक हुआ। रोकने पर वह झांसा देकर निकलने का प्रयास करने लगा। शक के आधार पर उसके बैग की तलाशी ली गई तो कुल 17 पैकेट गांजा बरामद हुआ। जब उसकी तौल कराई गई तो कुल वजन 14 किलो 167 ग्राम आंका गया। जिसका बाजार मूल्य लगभग एक लाख 40 हजार रुपये है। शुक्रवार को उसे जेल भेजने से पहले इसकी जानकारी जीआरपी प्रभारी अखिलेश सिंह यादव ने दी। उन्होंने बताया पूछताछ के बाद उसे रेल मजिस्ट्रेट के समक्ष प्रस्तुत किया गया। जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here