सामाजिक न्याय की लड़ाई को आगे बढ़ाता रहेगा राजद: सांसद सुधाकर सिंह बक्सर खबर। राष्ट्रीय जनता दल की जिला इकाई ने रविवार को शहर के नई बाजार मठिया मोड़ स्थित एक निजी मैरेज हॉल में पार्टी का 30वां स्थापना दिवस उत्साहपूर्वक मनाया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष शेषनाथ सिंह ने की, जबकि संचालन जिला प्रधान महासचिव धनपति चौधरी ने किया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि स्थानीय सांसद सुधाकर सिंह, जिला कार्यक्रम प्रभारी एवं जहानाबाद के पूर्व विधायक सुदय यादव तथा ब्रह्मपुर विधायक शंभूनाथ यादव ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस दौरान राजद के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष तेजस्वी यादव ने वर्चुअल माध्यम से बिहार के सभी जिला स्तरीय कार्यक्रमों को संबोधित किया। पूर्व विधायक सुदय यादव ने कहा कि सामाजिक न्याय और समानता के उद्देश्य से लालू प्रसाद यादव ने राजद की स्थापना की थी। आज पार्टी उसी विचारधारा के साथ सभी वर्गों को जोड़ने का कार्य कर रही है।
सांसद सुधाकर सिंह ने केंद्र सरकार की नीतियों पर सवाल उठाते हुए कहा कि राजद सामाजिक न्याय और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए संघर्ष करता रहेगा। उन्होंने कहा कि पार्टी सत्ता के लिए अपने सिद्धांतों से समझौता नहीं करेगी। ब्रह्मपुर विधायक शंभूनाथ यादव ने कहा कि मंडल आयोग की सिफारिशों को लागू करने के बाद बिहार में वंचित, शोषित, अनुसूचित जाति-जनजाति, पिछड़े वर्ग और अल्पसंख्यकों को अधिकार और सम्मान मिला। जिलाध्यक्ष शेषनाथ सिंह ने कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं को निराश होने की जरूरत नहीं है। संगठन को और मजबूत बनाते हुए जनता के बीच लगातार काम करना होगा।
कार्यक्रम में जिला मीडिया प्रभारी हरेंद्र कुमार सिंह, गणपति मंडल, भारत सिंह, सत्येंद्र सिंह, निर्मल कुशवाहा, संतोष भारती, बबलू यादव, राजेश यादव, पूजा कुमारी, श्वेता पाठक, अंगद यादव, सरोज राजभर, अनिल सिंह, बृजबिहारी सिंह, अखिलेश यादव, जगनारायण यादव, सत्येंद्र आजाद, सुरेश सिंह, मेहंदी हसन, आजाद खान, भुट्टो खान, रामाशंकर सिंह कुशवाहा, दीपक यादव युवा प्रदेश महासचिव सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं समर्थक मौजूद रहे।




























































































