दलित अति पिछड़ा स्वाभिमान संघर्ष मोर्चा ने डीएम को सौंपा ज्ञापन, रेलवे बोर्ड को भेजे जाने का दावा बक्सर खबर। इटाढ़ी रेलवे क्रॉसिंग को खोलने की मांग को लेकर जिला दलित अति पिछड़ा स्वाभिमान संघर्ष मोर्चा ने आंदोलन का ऐलान किया है। मोर्चा के जिला संयोजक सरोज राजभर ने रविवार को कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में कहा कि इस संबंध में गुरुवार को जिलाधिकारी को मांग पत्र सौंपा गया है। इसकी प्रतिलिपि स्टेशन मास्टर, दानापुर रेल मंडल के प्रबंधक तथा सदर एसडीओ को भी दी गई है। उन्होंने बताया कि मांग पत्र में स्पष्ट किया गया था कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो सोमवार से मोर्चा के सदस्य अनिश्चितकालीन धरना शुरू करेंगे। इस बीच दानापुर रेल मंडल कार्यालय और जिलाधिकारी कार्यालय से फोन कर जानकारी दी गई कि मांग पत्र रेलवे बोर्ड को भेज दिया गया है तथा चार से पांच दिनों का समय मांगा गया है। सरोज राजभर ने चेतावनी दी कि यदि अगले पांच दिनों में गुमटी खोलने की दिशा में ठोस कार्रवाई नहीं हुई तो मोर्चा रेलवे चक्का जाम कर अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन शुरू करेगा।
उन्होंने कहा कि किसानों ने कृषि कानूनों की वापसी के लिए लंबा संघर्ष किया था। उसी तरह उनकी मांग पूरी होने तक आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि रेलवे गुमटी बंद रहने से आम लोगों को रोजाना घंटों जाम का सामना करना पड़ रहा है। स्कूली बच्चे, अभिभावक और शिक्षक परेशान हैं। एंबुलेंस तथा शव वाहन भी लंबे समय तक जाम में फंस जाते हैं, जिससे लोगों को गंभीर कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। प्रेस वार्ता में मोर्चा के वरिष्ठ नेता दिनानाथ ठाकुर, राम इकबाल ठाकुर, कृष्णावती देवी, अजीत कुमार, शिवशंकर राय, कृष्ण शर्मा, गुड्डू शर्मा, आलोक कुमार गुप्ता, उमेश राजभर समेत अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।




























































































