जिले की बेटी चित्रा कुमारी और राज कुमार प्रसाद को पटना में मिली नई कमान बक्सर खबर। बिहार सरकार के गृह विभाग ने बिहार पुलिस सेवा के अधिकारियों के तबादले और नई पदस्थापना की अधिसूचना जारी की है। इस फेरबदल में जिले को नया साइबर डीएसपी मिला है। साथ ही जिले से जुड़े दो अधिकारियों को भी नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। लखीसराय निवासी समीर कुमार सिंह को बक्सर का नया पुलिस उपाधीक्षक (साइबर क्राइम) बनाया गया है। वह 67वीं बैच (2024) के अधिकारी हैं। अभी तक वह रोहतास में परीक्ष्यमान पुलिस उपाधीक्षक के रूप में कार्यरत थे। अब साइबर अपराधों की रोकथाम और जांच की जिम्मेदारी संभालेंगे।
वहीं, बक्सर जिले की मूल निवासी चित्रा कुमारी को विशेष शाखा, पटना में पुलिस उपाधीक्षक के पद पर तैनात किया गया है। वह भी 67वीं बैच (2024) की अधिकारी हैं। इससे पहले वह सहरसा में परीक्ष्यमान डीएसपी के रूप में सेवा दे रही थीं। इधर, बक्सर निवासी राज कुमार प्रसाद को अपराध अनुसंधान विभाग, पटना में आशु उपाधीक्षक के पद पर पदस्थापित किया गया है। उन्हें आशु निरीक्षक से कार्यकारी प्रभार के आधार पर उच्चतर जिम्मेदारी मिली है। गृह विभाग के अवर सचिव रत्नेश कुमार द्वारा जारी अधिसूचना में सभी स्थानांतरित अधिकारियों को शीघ्र नए पदस्थापन स्थल पर योगदान देने का निर्देश दिया गया है।






























































































