नगर परिषद ईओ कुमार ऋत्विक निलंबित

0
565

किला मैदान में सीएम के हेलीकॉप्टर की लैंडिंग न होने पर गिरी गाज                                                                        बक्सर खबर। बिहार सरकार ने बक्सर के नगर परिषद ईओ कुमार ऋत्विक को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। यह कार्रवाई मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के बक्सर आगमन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था में गंभीर लापरवाही और आदेशों के उल्लंघन के आरोप में की गई है। नगर विकास एवं आवास विभाग द्वारा इस संबंध में अधिसूचना जारी कर दी गई है। बीते 23 मई को मुख्यमंत्री का बक्सर आगमन हुआ था। इस दौरान किला मैदान में उनके हेलीकॉप्टर की लैंडिंग नहीं हो सकी थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए एडीएम की अध्यक्षता में एक उच्च स्तरीय जांच टीम का गठन किया गया था।

जांच टीम ने अपनी रिपोर्ट में कार्यपालक पदाधिकारी कुमार ऋत्विक को दोषी पाया था। जिलाधिकारी साहिला द्वारा भेजी गई रिपोर्ट के मुताबिक, कुमार ऋत्विक ने अपने पदीय दायित्वों का सही ढंग से निर्वहन नहीं किया। उन पर वरिष्ठ अधिकारियों के आदेशों की अवहेलना करने और मुख्यमंत्री की सुरक्षा व्यवस्था में गंभीर चूक बरतने का गंभीर आरोप प्रतिवेदित किया गया था। जांच रिपोर्ट के आधार पर सरकार ने माना कि कुमार ऋत्विक का कृत्य ‘बिहार सरकारी सेवक आचार नियमावली, 1976’ के प्रतिकूल है। इसके बाद ‘बिहार सरकारी सेवक नियमावली 2005’ के तहत उन्हें अगले आदेश तक के लिए निलंबित कर दिया गया है।

निलंबन की अवधि के दौरान कुमार ऋत्विक का मुख्यालय नगर आयुक्त, मुजफ्फरपुर का कार्यालय निर्धारित किया गया है। निलंबन अवधि में उन्हें नियमानुसार केवल जीवन निर्वाह भत्ता देय होगा। सरकार ने स्पष्ट किया है कि उनके विरुद्ध अलग से आरोप पत्र गठित कर विभागीय कार्रवाई का संकल्प भी जारी किया जाएगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here