चरित्रवन मुक्तिधाम में हुआ अंतिम संस्कार, विवि क्षेत्र में शोक की लहर बक्सर खबर। शहर के एमवी कॉलेज के लेखापाल एवं बिहार राज्य विश्वविद्यालय एवं महाविद्यालय कर्मचारी महासंघ, वीर कुंवर सिंह विश्वविद्यालय प्रक्षेत्र आरा के उपाध्यक्ष चिन्मय प्रकाश झा की माताजी कौशल्या देवी का निधन हो गया। उन्होंने 88 वर्ष की आयु में रविवार को अपने आवास पर अंतिम सांस ली। निधन की सूचना मिलते ही महाविद्यालय परिवार एवं विश्वविद्यालय क्षेत्र के कर्मचारियों में शोक की लहर दौड़ गई। महर्षि विश्वामित्र महाविद्यालय के शिक्षकों, शिक्षकेतर कर्मचारियों तथा विभिन्न महाविद्यालयों के कर्मियों ने गहरा दुःख व्यक्त किया।
सभी ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की। सोमवार को चरित्रवन स्थित मुक्तिधाम में उनका अंतिम संस्कार किया गया। इस दौरान छोटे पुत्र कृष्ण चैतन्य झा, महाविद्यालय के शिक्षक, शिक्षकेतर कर्मचारी तथा कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। उपस्थित लोगों ने कौशल्या देवी के निधन को परिवार और समाज के लिए अपूरणीय क्षति बताया तथा शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की।






























































































