अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर व्यवसायियों ने योग को दिनचर्या का हिस्सा बनाने और संतुलित आहार का लिया संकल्प बक्सर खबर। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर चेंबर ऑफ कॉमर्स जिला ईकाई की ओर से रविवार को शहर के गोयल स्मृति भवन में भव्य योग शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में 50 से अधिक व्यवसायियों और चेंबर के सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम की शुरुआत चेंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष सत्यदेव प्रसाद के स्वागत भाषण से हुई। इसके बाद योगाभ्यास, प्राणायाम और ध्यान के विभिन्न सत्र आयोजित किए गए। प्रतिभागियों ने योग प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन में विभिन्न आसनों का अभ्यास किया। इस अवसर पर अध्यक्ष सत्यदेव प्रसाद ने कहा कि स्वस्थ व्यापारी ही स्वस्थ समाज और मजबूत अर्थव्यवस्था का निर्माण कर सकता है।
उन्होंने कहा कि आज की भागदौड़ और तनावपूर्ण जीवनशैली में योग शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य के लिए अत्यंत आवश्यक है। योग से तनाव कम होता है और कार्यक्षमता बढ़ती है। चेंबर के सचिव दौलत चंद्रगुप्त ने कहा कि योग को केवल एक दिवस तक सीमित नहीं रखना चाहिए। इसे नियमित दिनचर्या का हिस्सा बनाना आवश्यक है। उन्होंने सभी से प्रतिदिन योग करने का आग्रह किया। शिविर के दौरान प्रतिभागियों को नियमित योग और संतुलित आहार अपनाने का संकल्प भी दिलाया गया। कार्यक्रम में चेंबर के उपाध्यक्ष रोहतास गोयल, संजय मिश्रा, संयुक्त सचिव नंदलाल जायसवाल, कोषाध्यक्ष दीपक अग्रवाल, मीडिया प्रभारी निर्मल कुमार सिंह, डॉ. महेंद्र प्रसाद, अशोक सर्राफ, राजेश केशरी, विनय कुमार, परशुराम वर्मा, अनिल मानसिंहका, सुदीप खेतान, रिंकू सर्राफ सहित कई व्यवसायी उपस्थित रहे।































































































