डीआरएम के नाम सौंपा ज्ञापन, मांग नहीं मानी गई तो होगा जनआंदोलन बक्सर खबर। इटाढ़ी रेलवे गुमटी को आम लोगों के आवागमन के लिए खोलने की मांग को लेकर मंगलवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने स्थानीय रेलवे स्टेशन परिसर में शांतिपूर्ण धरना-प्रदर्शन किया। धरना का नेतृत्व कांग्रेस जिलाध्यक्ष पंकज उपाध्याय ने किया, जबकि संचालन लक्ष्मण उपाध्याय ने किया। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि 31 मई को रेलवे ने इटाढ़ी रेलवे गुमटी का फाटक स्थायी रूप से बंद कर दिया था। इसके अगले ही दिन रेलवे ओवरब्रिज क्षतिग्रस्त हो गया। इसके बाद प्रशासन ने पुल पर भी आवागमन रोक दिया। दोनों मार्ग बंद होने से इटाढ़ी और राजपुर प्रखंड के दर्जनों गांवों के लोगों को जिला मुख्यालय आने-जाने में भारी परेशानी हो रही है। मरीजों, गर्भवती महिलाओं, विद्यार्थियों, किसानों और व्यापारियों को सबसे अधिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। आपातकालीन चिकित्सा सेवाएं भी प्रभावित हो रही हैं। धरना को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष पंकज उपाध्याय ने कहा कि जब तक आरओबी का निर्माण कार्य पूरा नहीं हो जाता, तब तक आम जनता की सुविधा के लिए रेलवे गुमटी को तत्काल खोला जाना चाहिए। उन्होंने प्रशासन से जनहित में शीघ्र निर्णय लेने की मांग की।
धरना के उपरांत कांग्रेस के एक प्रतिनिधिमंडल ने स्टेशन प्रबंधक के माध्यम से पूर्व मध्य रेलवे, दानापुर मंडल के डीआरएम के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में इटाढ़ी रेलवे गुमटी को तत्काल प्रभाव से आम जनता के आवागमन के लिए खोलने तथा आरओबी के पूरी तरह चालू होने तक वैकल्पिक व्यवस्था के रूप में गुमटी से आवाजाही की अनुमति देने की मांग की गई। जिला कांग्रेस कमेटी ने चेतावनी दी कि यदि जनहित से जुड़ी इस महत्वपूर्ण मांग पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो आंदोलन को और व्यापक बनाते हुए जनआंदोलन का स्वरूप दिया जाएगा। धरना-प्रदर्शन में कांग्रेस नेता कामेश्वर पांडेय, उमाशंकर पांडेय, हरिशंकर त्रिवेदी, राजा रमण पांडेय, लालबाबू मिश्रा, बुचा उपाध्याय, निर्मला देवी, लक्ष्मण उपाध्याय, राजू रंजन वर्मा, साबिर हाशमी, गणेश पांडेय, शिवाकांत पांडेय, गुप्तेश्वर पांडेय, संजय पांडेय और प्रो. पीके मिश्रा सहित भारी संख्या में नेता एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।































































































