बुलडोजर राज के खिलाफ और भूमिहीनों को बासगीत पर्चा दिलाने के लिए गांव-गांव चलेगा आंदोलन बक्सर खबर। नगर भवन डुमरांव में शनिवार को भाकपा-माले का जिलास्तरीय कार्यकर्ता कन्वेंशन आयोजित किया गया। कार्यक्रम में काम दो, रोजगार दो, बुलडोजर राज को ध्वस्त करो तथा खेत व ग्रामीण मजदूरों को संगठित करो जैसे नारों के साथ संगठन विस्तार और जनसंघर्ष को तेज करने का संकल्प लिया गया। कन्वेंशन की अध्यक्षता पार्टी की केंद्रीय कमेटी के सदस्य सह जिला सचिव नवीन कुमार ने की। जबकि संचालन खेग्रामस के जिला सचिव नारायण दास ने किया। मुख्य वक्ता आरवाईए के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं डुमरांव के पूर्व विधायक अजीत कुमार सिंह रहे।वक्ताओं ने कहा कि बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी, भूमिहीनों की समस्याएं और गरीबों पर बुलडोजर कार्रवाई जैसे मुद्दों पर व्यापक जन अभियान चलाने की जरूरत है। उन्होंने ग्रामीण गरीबों को रोजगार, मनरेगा की मजबूती, उचित मजदूरी तथा भूमिहीन परिवारों को बासगीत पर्चा देने की मांग उठाई।
कन्वेंशन में बताया गया कि खेग्रामस का सदस्यता अभियान पांच अगस्त तक चलेगा। अभियान को केवल सदस्यता तक सीमित नहीं रखते हुए इसे जनसमस्याओं से जोड़कर गांव-गांव तक पहुंचाने का निर्णय लिया गया। पंचायत स्तर पर कमेटियों को सक्रिय कर गरीबों, मजदूरों और किसानों के सवालों पर आंदोलन चलाने की रणनीति बनाई गई। राज्य कार्यकारिणी द्वारा 20 लाख 29 हजार सदस्य बनाने के लक्ष्य को पूरा करने के लिए संगठनात्मक मजबूती पर भी जोर दिया गया। सदस्यता अभियान की गति बढ़ाने के लिए विभिन्न प्रखंडों में नेताओं की जिम्मेदारी तय की गई। उन्हें अभियान की निगरानी और संचालन का दायित्व सौंपा गया।
कन्वेंशन को धर्मेंद्र कुमार सिंह, संध्या पाल, रामदेव सिंह, कन्हैया महतो, हरेंद्र राम, राजदेव सिंह, अखिलेश ठाकुर समेत कई नेताओं ने संबोधित किया। कार्यक्रम में जिले भर से बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और समर्थक उपस्थित रहे।






























































































