बंद पड़े टॉवर को चालू करने पहुंची थी कंपनी की टीम, खाली जमीन देख अधिकारियों के उड़े होश बक्सर खबर। डुमरांव थाना क्षेत्र में चोरों ने ऐसी वारदात को अंजाम दिया है, जिसने पुलिस और कंपनी अधिकारियों को भी हैरान कर दिया है। अज्ञात चोरों ने एक बंद पड़े मोबाइल टॉवर को ही उखाड़कर गायब कर दिया। टॉवर के साथ डीजल जनरेटर और अन्य तकनीकी उपकरण भी चोरी कर लिए गए। जीटीएल इंफ्रास्ट्रक्चर लिमिटेड की टीम बंद पड़े टॉवर को दोबारा चालू करने की प्रक्रिया के तहत निरीक्षण के लिए पहुंची। मौके पर पहुंचकर अधिकारियों के होश उड़ गए। जहां टॉवर खड़ा था, वहां पूरा ढांचा ही गायब मिला। कंपनी के भूमि एवं संचालन पदाधिकारी बैद्यनाथ ओझा ने डुमरांव थाने में लिखित आवेदन देकर प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की है। आवेदन के अनुसार कंपनी का मोबाइल टॉवर डुमरांव नगर के वार्ड संख्या 18 में हरेनाथ यादव की जमीन पर स्थापित था। यह टॉवर पिछले कुछ वर्षों से तकनीकी कारणों से बंद था।
कंपनी अधिकारियों के अनुसार 2 जून को स्थल निरीक्षण के दौरान करीब 40 मीटर ऊंचा मोबाइल टॉवर, 15 केवीए क्षमता का डीजल जनरेटर और अन्य सहायक उपकरण गायब पाए गए। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई गई है कि चोरों ने सुनियोजित तरीके से टॉवर के हिस्सों को खोलकर और काटकर चोरी की है। कंपनी ने अपने स्तर से जांच-पड़ताल की, जिसमें चोरी की पुष्टि हुई। इसके बाद आवश्यक दस्तावेजों और विभागीय स्वीकृति के साथ गुरुवार को थाने में आवेदन दिया गया। पुलिस ने आवेदन प्राप्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है। अज्ञात चोरों की पहचान और चोरी गए उपकरणों की बरामदगी के लिए कार्रवाई की जा रही है। लोगों का कहना है कि 40 मीटर ऊंचे टॉवर को काटकर ले जाना कोई सामान्य चोरी नहीं है। बिना स्थानीय स्तर पर भनक लगे इतनी बड़ी वारदात को अंजाम देना अपने आप में कई सवाल खड़े करता है।

































































































