भूजल स्तर घटने की स्थिति में तैयार होगी विशेष कार्ययोजना बक्सर खबर। खरीफ फसलों की सिंचाई को लेकर जिलाधिकारी साहिला ने गुरुवार को सोन नहर प्रमंडल क्षेत्र का स्थल निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने नहरों में जल उपलब्धता का जायजा लिया और किसानों को समय पर सिंचाई जल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। डीएम ने कहा कि भूजल स्तर में कमी की स्थिति में नहरों की भूमिका और महत्वपूर्ण हो जाती है। इसे देखते हुए सिंचाई के लिए पर्याप्त जलापूर्ति सुनिश्चित करने की कार्ययोजना तत्काल तैयार की जाए। निरीक्षण के दौरान 11 नंबर लख से लेकर जिला सीमा के सिकरौल तक नहर का अवलोकन किया गया। इस दौरान नहर में पर्याप्त जल प्रवाह पाया गया।
जिलाधिकारी ने कार्यपालक अभियंता को निर्देश दिया कि जिले की सभी नहर शाखाओं में योजना बनाकर नियमित जलापूर्ति सुनिश्चित करें।निरीक्षण में नहर के कई हिस्सों में अतिक्रमण भी पाया गया। इस पर डीएम ने शीघ्र अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई करने का निर्देश दिया। साथ ही नहर में कचरा फेंकने पर रोक लगाने और पहले से जमा कचरे की सफाई कराने को कहा। सिकरौल स्थित ठोरा नदी पर बने नहर पुल से पानी रिसाव की सूचना मिलने पर जिलाधिकारी ने गंभीरता दिखाई। उन्होंने कार्यपालक अभियंता को विभागीय उच्चाधिकारियों को अवगत कराते हुए अभियंताओं की टीम के साथ स्थल निरीक्षण करने तथा रिसाव रोकने के लिए तत्काल आवश्यक कदम उठाने का निर्देश दिया। निरीक्षण के दौरान अनुमंडल पदाधिकारी डुमरांव, कार्यपालक अभियंता सोन नहर प्रमंडल, कार्यपालक अभियंता गंगा पंप नहर सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

































































































