सिपाही, कक्षपाल व चलंत दस्ता सिपाही भर्ती परीक्षा की तैयारी पूरी

0
41

13 केंद्रों पर होगी परीक्षा, 21 हजार से अधिक अभ्यर्थी होंगे शामिल                                                  बक्सर खबर। केंद्रीय चयन पर्षद की ओर से मद्य निषेध सिपाही, कक्षपाल एवं चलंत दस्ता सिपाही भर्ती परीक्षा को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। गुरुवार को समाहरणालय सभाकक्ष में जिलाधिकारी साहिला एवं पुलिस अधीक्षक शुभम आर्य ने संयुक्त रूप से अधिकारियों की ब्रीफिंग कर शांतिपूर्ण एवं कदाचारमुक्त परीक्षा संचालन के निर्देश दिए। यह लिखित परीक्षा 14 एवं 17 जून को दो-दो पालियों में आयोजित होगी। जिले के 13 परीक्षा केंद्रों पर कुल 21 हजार से अधिक अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे। 14 जून को दोनों पालियों में 5328-5328 तथा 17 जून को प्रथम पाली में 5328 एवं द्वितीय पाली में 5358 परीक्षार्थी परीक्षा देंगे।

अभ्यर्थियों को परीक्षा शुरू होने से दो घंटे पहले केंद्र में प्रवेश दिया जाएगा। पहली पाली के लिए सुबह 8 बजे से 9 बजे तक तथा दूसरी पाली के लिए दोपहर 1 बजे से 2 बजे तक ही प्रवेश की अनुमति होगी। इसके बाद किसी भी अभ्यर्थी को केंद्र में प्रवेश नहीं मिलेगा। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि परीक्षार्थियों को पेन, मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच, ब्लूटूथ, कैलकुलेटर, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, व्हाइटनर, इरेजर एवं ब्लेड ले जाने की अनुमति नहीं होगी। परीक्षा केंद्र पर ही पेन उपलब्ध कराया जाएगा। बिना फोटोयुक्त पहचान पत्र के किसी भी अभ्यर्थी को प्रवेश नहीं मिलेगा। कदाचार रोकने के लिए प्रत्येक केंद्र पर स्टैटिक दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी एवं पुलिस बल की तैनाती की गई है। साथ ही उड़नदस्ता दल परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण करेगा। बिहार लोक परीक्षा अधिनियम, 2024 के तहत दोषी पाए जाने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड पर भी विशेष व्यवस्था की गई है। परीक्षार्थियों को मार्गदर्शन देने तथा भीड़ नियंत्रण के लिए दंडाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की जाएगी। होटल, लॉज और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर भी विशेष निगरानी रखी जाएगी ताकि किसी प्रकार की गड़बड़ी न हो। परीक्षा के दौरान निर्बाध बिजली आपूर्ति, एंबुलेंस, चिकित्सक टीम, अग्निशमन वाहन तथा जिला नियंत्रण कक्ष की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। परीक्षा केंद्रों के 200 मीटर दायरे में निषेधाज्ञा लागू रहेगी तथा आसपास की फोटो स्टेट दुकानों को परीक्षा समाप्ति तक बंद रखा जाएगा। जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने सभी प्रतिनियुक्त अधिकारियों को निर्देश दिया कि परीक्षा पूरी तरह निष्पक्ष, स्वच्छ एवं शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराई जाए। इसके लिए प्रशासनिक एवं पुलिस स्तर पर व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की गई है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here