एक पर पहले से दर्ज हैं कई गंभीर मामले, पुलिस को देखकर भाग रहे आरोपियों को सशस्त्र बल ने घेरा बक्सर खबर। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए एक देसी कट्टे के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई डुमरांव के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी पोलस्त कुमार के नेतृत्व में गठित एक विशेष टीम द्वारा की गई। पुलिस ने इस संबंध में नावानगर थाने में मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस को 29 मई की रात सूचना मिली थी कि केसठ पुरानी बाजार चिमनी मुहल्ला के पास बधार में दो युवक अवैध हथियार के साथ घूम रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर डुमरांव एसडीपीओ के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया।
जैसे ही पुलिस टीम ने तय स्थान पर छापेमारी की, पुलिस की भनक लगते ही दोनों युवक वहां से भागने लगे। मौके पर मौजूद सशस्त्र बल के सहयोग से पुलिस ने घेराबंदी कर दोनों को धर दबोचा। तलाशी लेने पर उनके पास से एक देसी कट्टा बरामद हुआ। बरामद हथियार के संबंध में दोनों कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सके, जिसके बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान केसठ निवासी हवल पासी के पुत्र राकेश कुमार और दशरथ ठाकुर के पुत्र महेश कुमार के रूप में हुई है। आरोपी राकेश कुमार का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड रहा है। उसके खिलाफ नावानगर थाने में साल 2023 में कांड संख्या 0-132/23 के तहत हत्या के प्रयास (धारा 307), दंगा भड़काने, सरकारी काम में बाधा डालने और आर्म्स एक्ट सहित कई गंभीर धाराओं में मामला दर्ज है।
इस सफल ऑपरेशन को अंजाम देने वाली टीम में एसडीपीओ पोलस्त कुमार, पु०नि० सह अंचल पुलिस पदाधिकारी अरविन्द कुमार, पु०अ०नि० सह नावानगर थानाध्यक्ष प्रफुल्ल कुमार और सशस्त्र बल शामिल थे।
































































































