-वीर कुंवर सिंह कृषि महाविद्यालय में जागरूकता कार्यक्रम बक्सर खबर। डुमरांव स्थित वीर कुंवर सिंह कृषि महाविद्यालय एवं उद्योग विभाग के संयुक्त तत्वावधान में बुधवार को महाविद्यालय सभागार में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का विषय लीगल एंड कंप्लायंस क्लीनिक रहा। कार्यक्रम में वाणिज्य कर विभाग के संयुक्त आयुक्त तेजकांत झा ने जीएसटी से जुड़े नियमों की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कर प्रणाली और व्यवसाय संचालन में कानूनी प्रक्रियाओं की अहमियत बताई। निबंधक असित कुमार सिंह ने कंपनी निबंधन की प्रक्रिया और उससे संबंधित नियमों पर प्रकाश डाला। उन्होंने छात्रों को स्टार्टअप शुरू करने की औपचारिकताओं के बारे में जानकारी दी।
जिला उद्योग केंद्र की महाप्रबंधक ज्योत्सना वर्मा ने बिहार स्टार्टअप योजना और उद्योग विभाग की अन्य योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने युवाओं को स्वरोजगार और उद्यमिता के लिए आगे आने का आह्वान किया। कार्यक्रम का संचालन स्टार्टअप सेल के प्रभारी डॉ. सी. प्रभाकर ने किया। उन्होंने प्रस्तुतीकरण के माध्यम से बिहार सरकार की स्टार्टअप नीति 2022 की विस्तार से जानकारी दी। मौके पर परियोजना प्रबंधक मृणाल सिंह, अरुण प्रकाश त्रिपाठी, स्टार्टअप सेल के सहयोगी विष्णु कुमार, महाविद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. अजय कुमार सहित कृषि एवं कृषि अभियंत्रण महाविद्यालय के छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।
































































































