-किशोर के हाथ में देसी कट्टा थमा नर्तकियों के समक्ष कराया प्रदर्शन
बक्सर खबर। बड़े बच्चों को सीख देते हैं। बुरी आदतों से दूर करते हैं। लेकिन, कुछ ऐसे मनबढ़ हैं जो स्वयं तो गलत करते ही हैं। कम उम्र के बच्चों को भी जुर्म की आग में धकेल रहे हैं। खबर के साथ जो तस्वीर आप देख रहे हैं। वह एक वीडियो का हिस्सा है। वीडियो जब बक्सर खबर के हाथ आया तो अवलोकन के उपरांत यह प्रतीत हुआ कि, किशोर को कोई और कट्टा थमा कर नर्तकियों के साथ मंच पर प्रदर्शन करा रहा है। गीत भी वैसा ही बज रहा है। ‘चली समियाना में गोली-’
पूछताछ में पता चला इटाढ़ी थाना के समुदा गांव में दो दिन पहले एक शादी समारोह के दौरान रिकॉर्ड किया गया है। हाथ में कट्टा लहरा रहा निरहुआ (काल्पनिक उपनाम) बगैर किसी खौफ के ऐसी हरकते कर रहा है। जो कानून की नजर में अपराध है। बिहार में तो लाइसेंसी हथियार लेकर भी ऐसा करने की मनाही है। वह तो खुलेआम अवैध हथियार के साथ नंगा नाच कर रहा है। ऐसे कराने वाला युवक नृत्य वाली जगह पर मौजूद है। क्योंकि गीत समाप्त होने के बाद वह देसी कट्टा वापस लेने के लिए हाथ बढ़ाता दिख रहा है। लेकिन, दो दिन बाद भी इटाढ़ी की पुलिस बंसी बजा रही है। उसे इससे क्या लेना देना। (खबर में किशोर का चेहरा उजागर नहीं किया गया है)
































































































